
सिंगरौली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 41 अंतर्गत गनियारी पहाड़ी टोला स्थित बीपीएल कॉलोनी में भीषण जल संकट से रहवासी परेशान हैं। गर्मी बढ़ने के साथ क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई दिनों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही, जिसके कारण दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
क्षेत्र की महिलाएं और बच्चे सुबह से पानी की तलाश में दूर-दूर तक भटकने को मजबूर हैं। कई परिवार हैंडपंपों और निजी स्रोतों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। पानी की कमी से छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
रहवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से तत्काल पानी के टैंकर भेजने तथा स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
