मालवा- निमाड़ की डायरी
संजय व्यास
फिलहाल प्रदेश का कोई ऐसा नहीं जो मंदसौर विधायक विपिन जैन की लगन की बराबरी कर सके. उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ की धरा पर बह रही शिवना नदी की साफ-सफाई का बीड़ा उठाया है. 2023 की दिसंबर में कांग्रेस से विधायक निर्वाचित होते ही उन्होंने जो पहला संकल्प लिया वह जलकुंभी-काई, कीटड़-कचरे से पटी शिवना के शुद्धिकरण का था. इस कार्य के लिए उनकी शिद्दत तारीफ-ए काबिल है. सुविधा अनुसार तय दिन सुबह के 7 बजते ही विपिन जैन शिवना नदी की सफाई के लिए नदी के तट पर पहुंच जाते हैं.
उनके साथियों के साथ नगरवासी इसमें तन्मयता से सहयोग करते आ रहे हैं. अब तक सैंकड़ों ट्राली कचरा-गाद निकाली जा चुकी है. 2 घंटे चलने वाले इस अभियान के करीब 113 दिन हो चुके हैं. लगातार हो रहे सामूहिक श्रमदान से शिवना नदी की तस्वीर बदल रही है. यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है. अभियान की सफलता की ओर बढ़ते कदम से उत्साहित विपिन के अनुसार सामाजिक संगठनों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा आमजन का निरंतर सहयोग अभियान को नई ऊर्जा दे रहा है. 111 वें दिन सभी श्रमदानियों ने मिलकर नदी को पूर्ण स्वच्छ एवं निर्मल बनाने का संकल्प फिर दोहराया है. विपिन की बड़ी खूबी यह भी है कि इस कार्य का वे किसी तरह का श्रेय नहीं चाहते, बस भगवान पशुपतिनाथ के श्रद्धलुओं के लिए शिवना का निर्मल जल दिलाना ही उनका लक्ष्य है.
अंचल में जमीन तलाशती आप
आम आदमी पार्टी की नजर अंचल के खरगोन, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, नीमच मंदसौर क्षेत्र पर है. यहां राजनीतिक जमीन की तलाश में स्थानीय इकाइयों के गठन में उसका पूरा जोर है. खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर में इकाइयों के गठन के बाद हाल ही में नीमच में विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया गया है. इन क्षेत्रों में पार्टी की जड़ें जमाने के लिए आम आदमी पार्टी ने प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर को सक्रिय कर दिया है. नीमच में विगत दिनों तोमर ने जिला स्तर पर विभिन्न प्रकोष्ठों में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं. साथ ही इन इकाइयों को अपने क्षेत्रों में पार्टी के विस्तार की जिम्मेवारी दी गई है.
अपनी ही शिकायत की जांच का जिम्मा
आदिम जाति कल्याण विभाग बुरहानपुर का अनोखा कारनामा सामने आया है. विभाग के सहायक आयुक्त ने एक शिक्षिका के संबंध में आई शिकायत पर जांच का जिम्मा उसी शिक्षिका को सौंप दिया. दरअसल कांग्रेस आईटी सेल प्रदेश महासचिव धीरज करोसिया द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया था कि हायर सेकेंडरी स्कूल भातखेड़ा में पदस्थ गणित की शिक्षिका की सेवाओं का उचित उपयोग नहीं हो रहा है. स्कूल में गणित विषय का एक भी विद्यार्थी नामांकित नहीं होने के बावजूद शिक्षिका को बिना शैक्षणिक कार्य के वेतन दिया जा रहा है.
शिकायतकर्ता ने मांग की थी कि शिक्षक समायोजन नीति के तहत उन्हें पीएम श्री स्कूल नेपानगर जैसे स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए, जहां विद्यार्थियों को उनके अनुभव का लाभ मिल सके. हैरानी की बात तब सामने आई जब इस शिकायत की जांच के लिए विभाग ने उसी शिक्षिका को जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया, जिनके संबंध में शिकायत की गई थी. प्रशासनिक सिद्धांतों और प्राकृतिक न्याय के अनुसार जिस व्यक्ति पर आरोप लगे हों वह स्वयं अपने मामले की जांच नहीं कर सकता. अब शिकायतकर्ता धीरज करोसिया ने अब सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग बुरहानपुर के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है. उनका आरोप है कि सहायक आयुक्त कार्यालय द्वारा जानबूझकर ऐसी त्रुटिपूर्ण जांच प्रक्रिया अपनाई गई है ताकि मामले को रफा दफा किया जा सके. अजीब जांच का यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है
