सिंगरौली: नगर निगम सिंगरौली के सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल में मोरबा जोन, जयंत, नवजीवन विहार, वैढ़न सहित ग्रामीण क्षेत्रों के सफाई कर्मियों ने भी भाग लिया है। कर्मचारियों के काम बंद करने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है और कई वार्डों में कचरे का ढेर लगना शुरू हो गया है।
हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं और मांगों पर नगर निगम प्रशासन एवं महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल द्वारा ध्यान नहीं दिया गया। कर्मचारियों ने वेतन, नियमितीकरण, सुरक्षा उपकरण, ठेका प्रथा और अन्य सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर नाराजगी जताई है।
सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इधर शहरवासियों को गंदगी और दुर्गंध की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम प्रशासन हड़ताल समाप्त कराने के प्रयास में जुटा हुआ है। मगर कर्मचारी अपनी मांगो को लेकर अड़े हुए हैं
