T20 World Cup के लिए स्क्वॉड का ऐलान, इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी की चमकी किस्मत, अब इस टीम से खेलेगा वर्ल्ड कप

स्कॉटलैंड ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। कैथरीन ब्राइस लगातार दूसरी बार टीम की कप्तानी करती नजर आएंगी।

ICC T20 Women’s World Cup 2026 के लिए स्कॉटलैंड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दी है। स्कॉटलैंड महिला टीम लगातार दूसरी बार इस बड़े ICC टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही है। टीम इस बार इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। अनुभवी ऑलराउंडर कैथरीन ब्राइस को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

स्कॉटलैंड के स्क्वॉड में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी मौका दिया गया है। टीम के मुख्य कोच क्रेग वॉलेस ने कहा कि अंतिम 15 खिलाड़ियों का चयन करना आसान नहीं था, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में स्कॉटलैंड महिला क्रिकेट में काफी सुधार देखने को मिला है। टीम को सबसे ज्यादा मजबूती अनुभवी स्पिनर किर्स्टी गॉर्डन की वापसी से मिली है। गॉर्डन पहले इंग्लैंड की ओर से भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुकी हैं। कोच वॉलेस ने उन्हें विश्व स्तरीय खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी टीम के प्रदर्शन को नई ऊंचाई दे सकती है।

अंडर-19 खिलाड़ियों को भी मिला मौका
स्कॉटलैंड ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया है। आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2025 में प्रभावित करने वाली तीन खिलाड़ियों को इस टीम में शामिल किया गया है। इनमें गेंदबाज गैब्रिएला फोंटेनला, विकेटकीपर बल्लेबाज पिप्पा स्प्राउल और तेज गेंदबाज मैसी मेसीरा का नाम शामिल है। इन खिलाड़ियों से टीम को नई ऊर्जा और आक्रामकता मिलने की उम्मीद की जा रही है। चयनकर्ताओं का मानना है कि युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का यह संयोजन टीम को मजबूत बनाएगा।

क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन कर बनाई जगह
स्कॉटलैंड ने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जगह ग्लोबल क्वालीफायर के जरिए बनाई थी। टीम ग्रुप-बी में नीदरलैंड्स के बाद दूसरे स्थान पर रही थी। इसके बाद सुपर सिक्स चरण में आयरलैंड और अमेरिका के खिलाफ अहम जीत दर्ज कर स्कॉटलैंड ने तीसरे स्थान के साथ वर्ल्ड कप का टिकट हासिल किया।

टी20 वर्ल्ड कप से पहले स्कॉटलैंड की टीम एडिनबर्ग में बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के साथ ट्राई-सीरीज खेलेगी। यह 2022 के बाद टीम की पहली घरेलू सीरीज होगी। स्कॉटलैंड अपना पहला मुकाबला 13 जून को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद टीम को इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों से भिड़ना है।

 

Next Post

रेल यात्रियों को दिया जा रहा शीतल पेयजल

Tue May 12 , 2026
जबलपुर: पश्चिम मध्य रेल भारत स्काउट एवं गाइड सदस्यों द्वारा जबलपुर रेलवे स्टेशन पर भीषण गर्मी में रेल यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराकर सेवा कार्य लगातार किया जा रहा है रेलवे स्टेशन के सभी 6 प्लेटफार्मों पर यूपी-बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र एवं अन्य जगहों की ओर से आने […]

You May Like