गुना: सहरिया समुदाय की एक महिला को फोन पर गालियां देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है, जिसमें करीब एक महीने बाद भी पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। धरनावदा थाना क्षेत्र की रुठियाई चौकी अंतर्गत कर्माखेड़ी निवासी आरती सहरिया ने बताया कि 7 नवंबर को ढाबा संचालक ने उन्हें फोन कर गलत नाम से संबोधित किया और पैसे खाने का आरोप लगाया।
महिला द्वारा इनकार करने पर आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकियां दीं। पीड़िता का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने रुठियाई चौकी, अजा थाना, जनसुनवाई, पुलिस सिटीजन पोर्टल और एसपी कार्यालय में शिकायत की, साथ ही कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार चक्कर लगाने से पीड़िता मानसिक तनाव में है और न्याय की मांग कर रही है।
