ब्रिक्स शिखर सम्मेलन पर कांग्रेस ने उठाए कई सवाल

नई दिल्ली, 23 मार्च (वार्ता) कांग्रेस संचार विभाग प्रभारी जयराम रमेश ने सोमवार को इस वर्ष भारत की अध्यक्षता में राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले 18वें वार्षिक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

श्री रमेश ने कहा कि ब्रिक्स समूह वैश्विक मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभा सकता है। ब्रिक्स समूह में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका के साथ अर्जेंटीना, मिस्र, इथियोपिया, सऊदी अरब, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) शामिल हैं। इसके बावजूद सरकार पश्चिम एशिया के मौजूदा संकट से निपटने के लिए कोई ठोस कूटनीतिक पहल नहीं कर रही है।

कांग्रेस संचार विभाग प्रभारी ने तंज कसते हुए कहा कि “स्वयंभू विश्वगुरु” इस मंच का उपयोग इसलिए नहीं कर रहे क्योंकि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को नाराज़ नहीं करना चाहते।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेशी नेताओं से फोन पर बातचीत कर रहे हैं लेकिन ऐसी बातचीत की अपनी सीमाएं होती हैं। उनके मुताबिक, आमने-सामने की बैठकों और शिखर सम्मेलनों के जरिए अधिक ठोस और प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। इसके अलावा, श्री रमेश ने इस वर्ष जी20 की अध्यक्षता अमेरिका के पास होने का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से “भाषणों और तानों” के अलावा ठोस नतीजों की उम्मीद कम ही है।

गौरतलब है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन इस वर्ष के आखिर में प्रस्तावित है।

 

Next Post

भारतीय जीवन बीमा उद्योग: 2026 की नई तस्वीर

Mon Mar 23 , 2026
विभा पाडलकर, MD और CEO, HDFC Life द्वारा लिखित भारतीय जीवन बीमा उद्योग लगातार मजबूती और तेजी दिखा रहा है। इसके पीछे सक्रिय रेगुलेटरी वातावरण और उपभोक्ताओं की मांग प्रमुख कारण हैं। 2025 में प्राइवेट क्षेत्र ने 10% की ग्रोथ हासिल की। यह दर्शाता है कि यह क्षेत्र बदलती ग्राहकों […]

You May Like