जबलपुर: घर बैठे मोटी कमाई का झांसा देकर साइबर ठग ने अधारताल थाना अंतर्गत मैत्रीनगर निवासी एक महिला को अपनी ठगी का शिकार बना लिया। जालसाज ने पहले व्हाट्सएप पर वर्क फ्रॉम होम का मैसेज भेजा फिर टास्क पूरे करने के जाल में फंसकर विश्वास जीतने के लिए महिला के खाते में कुछ रुपये भेजे और बाद में टास्क पूरा करने के नाम पर 40,000 रुपये की ऑनलाइन चपत लगा दी।
पुलिस के मुताबिक मैत्रीनगर, अधारताल निवासी श्रीमती ज्योति त्रिपाठी (30) के व्हाट्सएप पर कुछ दिनों पहले वर्क फ्रॉम होम जॉब का एक मैसेज आया था। ज्योति ने जब उसमें रुचि दिखाई, तो अज्ञात कॉलर के कहने पर उन्होंने अपने मोबाइल में टेलीग्राम ऐप डाउनलोड कर लिया। टेलीग्राम पर उन्हें कुछ आसान टास्क दिए गए। ज्योति ने जैसे ही टास्क पूरे किए, ठगों ने उनका भरोसा जीतने के लिए उनके पति के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया महाराजपुर शाखा के खाते में 300 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 3 जुलाई 2026 को दोबारा इसी खाते में 2600 रुपये का कमीशन भेजा गया।
खाते में पैसे आने से ज्योति का उन पर विश्वास पक्का हो गया। इसके बाद शातिर ठगों ने उन्हें बड़े टास्क और ज्यादा मुनाफे का लालच देकर पैसे डिपॉजिट करने को कहा। ज्योति ने झांसे में आकर यूपीआई आईडी पर 10 हजार रुपये गूगल पे के माध्यम से भेज दिए। इसके बाद ठगों के कहने पर पटेल जय नाम के एक अन्य यूपीआई ट्रांजेक्शन आईडी पर 30 हजार रुपये और ट्रांसफर कर दिए।
50 हजार की और मांग हुई तो खुला राज
कुल 40 हजार रुपये ऐंठने के बाद भी साइबर अपराधियों का पेट नहीं भरा। उन्होंने ज्योति से अगले लेवल के लिए 50 हजार रुपये और डालने को कहा। इतनी बड़ी रकम मांगे जाने पर ज्योति को अपने साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की शंका हुई। उन्होंने और पैसे न देते हुए तुरंत इसकी शिकायत सायबर सेल में दर्ज कराई। सायबर सेल की जांच के बाद अधारताल थाने में अज्ञात जालसाज के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी गई है।
