174 पशु चिकित्सकों ने ली सेवा और समर्पण की शपथ

जबलपुर: पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय जबलपुर का सभागार उत्साह, गर्व और भावनाओं से सराबोर नजर आया, जब नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के 174 इंटर्न छात्र-छात्राओं ने अपने पेशेवर जीवन की शुरुआत शपथ लेकर की। मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ आर.के. खंडेलवाल, विशिष्ट अतिथि के रूप में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पी.के. मिश्रा तथा अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनदीप शर्मा मौजूद रहे। इनके साथ कुलसचिव डॉ एस.एस. तोमर और अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ आदित्य मिश्रा भी मंचासीन थे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की डायरेक्टरी, वार्षिक रिपोर्ट और एक पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
शपथ के हर शब्द में जिम्मेदारी का एहसास
जैसे ही प्रो. मनदीप शर्मा ने छात्रों को शपथ दिलाई, सभागार में एक साथ उठे हाथों ने सेवा, नैतिकता और करुणा के संकल्प को साकार कर दिया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे पशुओं के उपचार एवं देखभाल में पूरी जिम्मेदारी, करुणा एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएंगे। इस दौरान कई अभिभावकों की आंखें गर्व से नम दिखाई दीं।
पांच वर्षों की कठिन मेहनत का परिणाम
अपने संबोधन में प्रो. मनदीप शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि पांच वर्षों की कठिन मेहनत का परिणाम है और अब ये छात्र राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि डॉ आर.के. खंडेलवाल ने छात्रों को इंटर डिसिप्लिनरी सहयोग और गहरी मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करने की सलाह दी।कार्यक्रम में सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, कर्मचारी गण एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्र- छात्राओं को प्रोविजनल डिग्री सर्टिफिकेट प्रदान
मंचासीन अतिथियों द्वारा जबलपुर महू तथा रीवा कॉलेज के अधिकतम अंक अर्जित किए व प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किए पास आउट छात्र- छात्राओं को प्रोविजनल डिग्री सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। जिसमें जबलपुर इशिता बैस, जानवी परिहार तथा हर्षित तिवारी। महू कॉलेज से कौस्तुभ, लिली वर्मा,मीनाक्षी तथा रीवा वेटरनरी कॉलेज से दीपाली तिवारी, शशीकांत सैनी , अभिषेक यादव, प्रीति रहे। यह पल पूरे सभागार के लिए तालियों से गूंज उठा।

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, पति और बेटा घायल

Fri Apr 17 , 2026
जबलपुर: मझौली थाना अंतर्गत कटाव घाट के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कूड़ा कटंगी निवासी लालमन […]

You May Like