
नयी दिल्ली, 01 अगस्त (वार्ता) विपक्ष के उपनेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया संदेश पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें माफी मांगनी चाहिए थी, वे अब माफी देने की बात कर रहे हैं।
श्री तिवारी ने शनिवार को यहां जारी बयान में कहा, “आज तो मोदी जी आपने उलटी गंगा बहा दी। जिसको माफी मांगनी चाहिए थी, वह उल्टे माफी दे रहा है।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री मोदी को इन दिनों नींद नहीं आ रही है, इसलिए वे देर रात रील बनाकर संदेश जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि रात में रील बनाकर कोई संदेश देना ही था, तो सबसे पहले उन युवाओं से माफी मांगनी चाहिए थी, जिन्हें अपने अधिकारों की मांग करने पर पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा और जिन्हें कथित तौर पर अपमानित तथा घायल किया गया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि श्री मोदी को कांग्रेस से भी माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उनकी पार्टी के नेताओं पर वर्षों से अपमानजनक टिप्पणियां की जाती रही हैं।
श्री तिवारी ने कहा कि देश की जनता वास्तविक मुद्दों पर जवाब चाहती है और सरकार को आत्ममंथन करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक संदेशों के जरिए अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है।
