
भोपाल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्यभारत प्रांत में आयोजित संघ शिक्षा वर्गों में 31 जिलों के 743 स्वयंसेवक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। शिवपुरी, ब्यावरा और बैतूल में 16 मई से शुरू हुए इन वर्गों का औपचारिक उद्घाटन आज 17 मई को किया गया। वर्गों में शिक्षार्थियों को शारीरिक, बौद्धिक, योग, सेवा, प्रबंधन और संघ कार्य का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिवपुरी में आयोजित विद्यार्थी वर्ग के उद्घाटन अवसर पर प्रांत प्रचारक श्री विमल गुप्ता ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग एक साधना स्थली है, जहां मन, शरीर और व्यवहार का समन्वित प्रशिक्षण होता है। उन्होंने कहा कि वर्ग में समय प्रबंधन, आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वावलंबन और समूह में कार्य करने की क्षमता विकसित होती है।
ब्यावरा में व्यवसायी कार्यकर्ताओं के वर्ग में सह-संघचालक डॉ. राजेश सेठी ने कहा कि संघ शिक्षा वर्ग केवल प्रशिक्षण नहीं, बल्कि स्वयं को गढ़ने का अवसर है। उन्होंने “राष्ट्र प्रथम” को जीवन का मूल भाव बताते हुए भारत की सांस्कृतिक शक्ति को विश्व के लिए मार्गदर्शक बताया।
वहीं बैतूल में आयोजित विशेष वर्ग में प्रांत संघचालक श्री अशोक पांडेय ने कहा कि साधना और अनुशासन से ही व्यक्तित्व एवं राष्ट्रभाव का विकास संभव है। उन्होंने स्वयंसेवकों से कठिन परिस्थितियों में भी समाज और राष्ट्र कार्य के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
