अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, पति और बेटा घायल

जबलपुर: मझौली थाना अंतर्गत कटाव घाट के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कूड़ा कटंगी निवासी लालमन ठाकुर ने बताया कि उनके बड़े भाई बेड़ीलाल ठाकुर, भाभी सुहागरानी और भतीजा दशरथ बुधवार को ग्राम सिहोदा उजियार सिंह के यहाँ एक पारिवारिक लगुन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे जब पूरा परिवार मोटरसाइकिल से वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में कटाव घाट के पास काल बनकर आए अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुहागरानी ठाकुर 50 वर्ष के सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बेड़ीलाल और दशरथ के हाथ-पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल मझौली पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने सूचना मिलने पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Next Post

चोट के कारण एकिटिके बाकी सीजन और फुटबॉल विश्वकप से बाहर

Fri Apr 17 , 2026
लंदन, (वार्ता) फ्रांस के स्ट्राइकर ह्यूगो एकिटिके, लिवरपूल के चैंपियंस लीग मैच में पेरिस सेंट-जर्मेन से हार के दौरान एच्लीस टेंडन में चोट लगने के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं। एकिटिके पहले हाफ में फिसलने के बाद एनफील्ड के मैदान से स्ट्रेचर पर बाहर निकले। लिवरपूल को […]

You May Like