10 हजार कंठों से गूंजा नवकार मंत्र, जबलपुर बना विश्व शांति का केंद्र

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, जब ‘विश्व नवकार मंत्र दिवस’ के अवसर पर मालवीय चौक स्थित डीएन जैन ग्राउंड में करीब 10 हजार श्रद्धालु एक साथ नवकार मंत्र का जाप करते नजर आए। चारों ओर गूंजते मंत्रों की ध्वनि और अनुशासित श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और अलौकिक बना दिया। यह भव्य आयोजन जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जेईटीओ) जबलपुर चैप्टर के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा था। मंच पर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद जैसे ही नवकार मंत्र का सामूहिक जाप शुरू हुआ, पूरा मैदान एक सुर में गूंज उठा। इस दौरान प्रशांत जैन रानू एवं सिद्धांत जैन की संगीतमय प्रस्तुति ने माहौल को और अधिक भावविभोर कर दिया।

6000 स्थानों पर एक साथ हुआ नवकार मंत्र का जाप

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि देश-विदेश के 108 जेईटीओ चैप्टर के लगभग 6000 स्थानों पर एक साथ नवकार मंत्र का जाप किया गया, जिससे यह आयोजन वैश्विक स्तर पर जुड़ाव का प्रतीक बन गया। जबलपुर के इस आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की वर्चुअल उपस्थिति ने इसे राष्ट्रीय महत्व प्रदान किया। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, श्रद्धालुओं के चेहरों पर शांति और संतोष की झलक साफ दिखाई दी। एक साथ हजारों लोगों का एक स्वर में मंत्र जाप करना न केवल आध्यात्मिक अनुभव था, बल्कि यह विश्व शांति, अहिंसा, प्रेम और एकता का सशक्त संदेश भी बनकर उभरा।

Next Post

मरकवाडा के पास बाइक दुर्घटना में युवक लहूलुहान, नागपुर रेफर

Thu Apr 9 , 2026
पांढुरना। ग्राम मरकवाडा के पास गुरूवार को एक युवक अनियंत्रित बाइक से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया,जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया । नगर के शासकीय चिकित्सालय के सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार नगरीय सीमा से लगे ग्राम मरकवाडा के पास पांढुरना की और अपनी […]

You May Like