जबलपुर: माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा इस वर्ष से दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिसमें जिन स्टूडेंट्स ने इस साल परीक्षा नहीं दी या फिर इस परीक्षा में अपने नंबरों से खुश नहीं है या एग्जाम में फेल हो गए हैं, वे दोबारा होने वाली परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। परीक्षा प्रभारी आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार इस साल दसवीं की परीक्षा में 6438 और बारहवीं की परीक्षा में 4463 विद्यार्थी असफल हुए हैं।
जिसके चलते कुल 10901 विद्यार्थियों की इस परीक्षा में शामिल होने की संभावना है। विदित है कि 10वीं और 12वीं के नतीजे घोषित होने के बाद एमपी बोर्ड ने ऐसे स्टूडेंट्स के लिए भी व्यवस्था की है, जो इस बार असफल रहे हैं। अब 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में असफल रहे छात्र-छात्राएं को बोर्ड क्लासेस पास करने के लिए अगले साल तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिससे उनका एक साल खराब होने से बचेगा।
रजिस्ट्रेशन जारी, 17 जून को परीक्षा
जानकारी के अनुसार एमपी बोर्ड 10वीं, 12वीं की दोबारा परीक्षा 17 जून से शुरू होगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 7 मई 2025 से शुरू हो चुकी है जो 21 मई तक चलेगी, जिससे विद्यार्थी जल्द ही अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। माशिमं ने अब पूरक परीक्षा की व्यवस्था खत्म कर दी गई है, जिसके चलते 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी।
