शासकीय हाई स्कूल चोरहटा के विद्यालय भवन का विस्तार कराया जायेगा: उप मुख्यमंत्री

नवभारत न्यूज

रीवा, 27 जनवरी, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गणतंत्र दिवस पर शासकीय हाई स्कूल चोरहटा में आयोजित विशेष मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामिल होकर बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यालय भवन के विस्तार के लिये 50 लाख रूपये की राशि मंजूर कराई जायेगी तथा विद्यालय के उन्नयन के प्रयास होंगे.

उप मुख्यमंत्री ने बच्चों एवं उपस्थित जनसमुदाय को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कारवान बनाया जाय। संस्कारित व शिक्षित समाज ही भारत को विश्वगुरू बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा. उन्होंने कहा कि हमारे देश में उल्लास का वातावरण है. शहर व गांवों में विकास के कार्य चल रहे हैं. रीवा में भी विस्तार के सभी कार्य आगामी कार्ययोजना बनाकर किये जा रहे हैं. उन्होंने शहीदों का पुण्य स्मरण करते हुए आहवान किया कि भारत माता को परम वैभव तक पहुंचायें.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि विद्यार्थियों को संस्कार देने के साथ ही अनुशासन की भी शिक्षा दी जाय ताकि वह अच्छे नागरिक बन सके. उन्होंने कहा कि शिक्षा का दान सबसे बड़ा दान है. अध्यापकों का दायित्व है कि पूर्ण निष्ठा से अपना दायित्व निभायें तथा अभिभावकों से सतत संपर्क में रहे. श्री मिश्रा ने कहा कि प्रतिभा के विकास में अभाव आड़े नही आता. इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने अपने संबोधन में उपस्थित जनों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, प्रभारी कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक लाल सहायक कलेक्टर आर प्रपंज, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन, संयुक्त संचालक शिक्षा केपी तिवारी, जिला शिक्षा अधिकारी सुदामालाल गुप्ता, तहसीलदार शिवशंकर शुक्ला, प्राचार्य मधु सिंह सहित अध्यापक गणमान्य नागरिक तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे.

Next Post

मनकामेश्वर मंदिर के पुर्नरूद्धार कार्य को शीघ्र पूरा करें: उप मुख्यमंत्री

Mon Jan 27 , 2025
जन सहयोग से हो रहा है मंदिर का पुर्नरूद्धार उप मुख्यमंत्री ने जनसहयोग के प्रति जताया आभार नवभारत न्यूज रीवा, 27 जनवरी, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि जन सहयोग से किये जा रहे मनकामेश्वर भगवान के मंदिर का पुर्नरूद्वार कार्य आगामी दो माह में पूरा करायें. उन्होंने मंदिर […]

You May Like