कलेक्टर ने छात्रावास, आंगनवाड़ी एवं विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

पांढुरना,जन-विश्वास-अभियान के तहत कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा ग्राम पाठई स्थित सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा छात्रावास में छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। छात्रावास परिसर की साफ-सफाई, बिस्तर, कंबल, बेड, भोजन व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता एवं स्थिति का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात अधिकारियों द्वारा ग्राम पाठई स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों की शिक्षण व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, मध्यान भोजन, साफ-सफाई एवं बच्चों की देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाठई का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था, कक्षाओं की साफ-सफाई, शैक्षणिक गतिविधियों तथा शिक्षकों से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

सम्पूर्ण निरीक्षण के दौरान छात्रावास, आंगनवाड़ी केंद्र एवं विद्यालय में व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं उचित पाए जाने पर अधिकारियों द्वारा संबंधित कर्मचारियों एवं संस्था प्रभारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें व्यवस्थाओं को निरंतर बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

Next Post

विदेशी मुद्रा भंडार 4.92 अरब डॉलर घटकर 780.78 अरब डॉलर पर

Fri Sep 18 , 2026
मुंबई, 18 सितंबर (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 11 सितंबर को समाप्त सप्ताह में 4.924 अरब डॉलर घटकर 780.782 अरब डॉलर रह गया। लगातार 10 सप्ताह बढ़ने का बाद यह गिरावट दर्ज की गई है। इससे पहले, 04 सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा का देश का भंडार […]

You May Like