
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से सोमवार शाम समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास पर भारत के प्रसिद्ध पूर्व क्रिकेटर कपिल देव ने सौजन्य भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच खेल, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और मध्यप्रदेश में खेल गतिविधियों के विस्तार को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कपिल देव का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर क्रिकेट और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव ने भी प्रदेश में खेलों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
