
भिंड। जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में छत का प्लास्टर गिरने से 3 महिलाओं और 2 बच्चों के घायल होने के बाद सरकार हरकत में आ गई है। प्रदेश के नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ल ने अस्पताल पहुंचकर मौका मुआयना किया। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से चर्चा कर विस्तृत रिपोर्ट भोपाल भेजने की बात कही है। मंत्री और कलेक्टर ने एसएनसीयू वार्ड, ब्रेस्ट फीडिंग रूम और अस्पताल की पुरानी इमारत का जायजा लिया। अस्पताल प्रबंधन ने अधिकारियों को बताया कि यह बिल्डिंग 1934 में बनी थी और करीब 90 सालों से मरीजों को सेवाएं दे रही है। यह इमारत अब काफी जर्जर हो चुकी है और इसकी दीवारों व छतों में कई जगह दरारें आ गई हैं। प्रबंधन ने बताया कि इससे पहले भी एक्स-रे सेंटर, मेटरनिटी वार्ड और एसेंशियल वार्ड में प्लास्टर टूटकर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। मंत्री ने एसएनसीयू में भर्ती गंभीर नवजात बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से बच्चों की संख्या, इलाज की व्यवस्था और हादसे में घायल हुई महिलाओं के बारे में पूछा। वार्डों का निरीक्षण करने के बाद मंत्री ने सिविल सर्जन डॉ. आरके राजोरिया से अलग से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की मौजूदा व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से जानकारी ली।
