भारतीय महिला टीम ने आयरलैंड को दिया रिकार्ड 436 रनों का लक्ष्य

राजकोट 15 जनवरी (वार्ता) प्रतिका रावल (154) और कप्तान स्मृति मंधाना (135) की तूफानी शतकीय पारियों की बदौलत भारतीय महिला टीम ने बुधवार को तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में आयरलैंड को जीत के लिए रिकार्ड 436 रनों का लक्ष्य दिया है।

आज यहां भारतीय टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी प्रतिका रावल और कप्तान स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने तूफानी अंदाज में शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए रिकार्ड 233 रनों की साझेदारी की। 27वें ओवर में ऑर्ला प्रेंडरगस्ट ने स्मृति मंधाना को आउट कर आयरलैंड को पहली सफलता दिलाई। मंधाना ने 80 गेंदों में 12 चौके और सात छक्के लगाते हुए (135)रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने मात्र 70 गेंदों में अपना 10वां एकदिवसीय शतक भी पूरा किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी ऋचा घोष ने प्रतिका रावल के साथ दूसरे विकेट लिये 104 रनों की साझेदारी की। 39वें ओवर में आर्लीन केली ने ऋचा घोष को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। ऋचा घोष ने 42 गेदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से (59) रन बनाये।

दोहरे शतक की ओर बढ़ रही प्रतिका रावल को 44वें ओवर में फ्रेया सार्जेंट ने डेम्पसी के हाथों कैच आउट कराया। प्रतिका रावल ने 129 गेंदों में 20 चौके और एक छक्का लगाते हुए (154) रन बनाये। रावल तीसरी ऐसी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं, जिन्होंने 150 के आंकड़े का पार किया है। तेजल हसबनिस (28), हरलीन देओल (15)रन बनाकर आउट हुई। दीप्ति शर्मा (11) और जेमिमा रॉड्रिग्स (चार) रन बनाकर नाबाद रही। भारतीय महिला टीम के बल्लेबाजों ने आयरलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए निर्धारित 50 ओवरों में पांच विकेट पर 435 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

आयरलैंड की ओर से ऑर्ला प्रेंडरगस्ट ने दो विकेट लिये। आर्लीन केली, फ्रेया सार्जेंट और जॉर्जिना डेम्पसी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

मंधाना ने अपने एकदिवसीय करियर का 10वां शतक जड़ा

Wed Jan 15 , 2025
राजकोट 15 जनवरी (वार्ता) भारतीय महिला टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय करियर का 10वां शतक जड़ा। आज यहां आयरलैंड की महिला टीम के खिलाफ मंधाना ने मात्र 70 गेंदों में अपना 10वां एकदिवसीय […]

You May Like