भीममंडली इको हेरिटेज साइट ओडिशा की सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन को बढ़ावा देगा: धर्मेंद्र प्रधान

भुवनेश्वर, 11 मई (वार्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि ओडिशा के संबलपुर जिले में स्थित ऐतिहासिक भीममंडली स्थल राज्य की सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था में प्रमुख योगदान देने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन को मजबूत करने के लिए तैयार है।

श्री प्रधान ने रविवार को भीममंडली इको हेरिटेज साइट परियोजना का भूमिपूजन किया, जिसका उद्देश्य इस स्थल को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में बदलना है। नाक्तीदेउल प्रखंड के अंतर्गत आने वाले इस ऐतिहासिक स्थल को ओडिशा की प्राचीन सभ्यता और समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का एक महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।

भीममंडली को केवल एक पर्यटक आकर्षण से कहीं अधिक बताते हुए श्री प्रधान ने कहा कि यह स्थल ओडिशा के गहरे इतिहास और विरासत का एक जीवंत प्रमाण है। इस स्थल पर प्राचीन गुफा कलाएं हैं, जिसके 10,000 साल से भी अधिक पुराने होने का अनुमान है। इसके साथ ही यहां पाषाण युग के कई प्रागैतिहासिक औजार भी मिले हैं, जो इसके अत्यधिक ऐतिहासिक महत्व को दर्शाते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भीममंडली को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से औपचारिक मान्यता दिलाने और इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने इसके ऐतिहासिक महत्व, प्राकृतिक सुंदरता और पौराणिक प्रासंगिकता के अनूठे मिश्रण पर जोर देते हुए कहा कि सरकार ने इस स्थल के विकास के लिए 8.30 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है, जिसका काम आधिकारिक तौर पर रविवार से शुरू हो गया है।

यहां प्रस्तावित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में संपर्क सड़कों, पुलों, व्यूप्वाइंट, सौर ऊर्जा सुविधाओं, पर्यटक सुविधाओं और विश्राम गृहों का निर्माण शामिल है। इन विकास कार्यों से स्थानीय समुदायों के लिए नये सामाजिक और आर्थिक अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

श्री प्रधान ने कहा कि ओडिशा की होमस्टे नीति स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के अवसर पैदा करेगी, जबकि पर्यटकों को ओडिशा की पारंपरिक जीवनशैली से जुड़े प्रामाणिक ग्रामीण पर्यटन का अनुभव प्रदान करेगी। उन्होंने इस पहल का समर्थन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा के प्रति आभार व्यक्त किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में भीममंडली संबलपुर की सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था को समृद्ध करने और ओडिशा के पर्यटन परिदृश्य को बढ़ावा देने में परिवर्तनकारी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।उल्लेखनीय है कि 25 फरवरी, 2025 को भीममंडली की अपनी यात्रा के दौरान श्री प्रधान ने इस स्थल को विकसित करने का संकल्प लिया था और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर अगले चरण में देबरीगढ़-भीममंडली-हीराकुंड को एक पर्यटन सर्किट के रूप में शामिल करने का प्रस्ताव दिया था।

 

 

Next Post

बाबिल खान ने मलयालम सिनेमा में रखा कदम, बाबू जनार्दनन की फिल्म गांधी बाज़ार संडे मार्केट से करेंगे डेब्यू

Mon May 11 , 2026
मुंबई, 11 मई (वार्ता)बाबिल खान अपने अभिनय सफर की एक नई और खास शुरुआत करने जा रहे हैं। बाबिल खान, निर्देशक बाबू जनार्दनन की आने वाली फिल्म “गांधी बाज़ार संडे मार्केट” के साथ मलयालम सिनेमा में डेब्यू करने वाले हैं। इस फिल्म के ज़रिए बाबिल मलयालम फिल्मों की उस दुनिया […]

You May Like