
देहरादून। अरुणाचल प्रदेश प्रवास के दौरान प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन, लेखक, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान से जुड़े विशेषज्ञ तथा एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पद्म श्री प्रो. डॉ. बी.के.एस. संजय ने लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के.टी. परनाइक (सेवानिवृत्त) से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान प्रो. डॉ. संजय ने अपनी पुस्तक भारत में सड़क दुर्घटनाएँ राज्यपाल को भेंट की। मुलाकात के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय सुरक्षा, जनजागरूकता और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रो. डॉ. संजय ने राज्यपाल के दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और जनकल्याण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।
संयुक्त राष्ट्र वैश्विक सड़क सुरक्षा सप्ताह 2026 के अवसर पर प्रो. डॉ. संजय ने नॉर्थ ईस्टर्न रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में सड़क सुरक्षा विषय पर व्याख्यान भी दिया। वहीं वे टोमो रिबा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज तथा अरुणाचल लॉ अकैडमी में भी विशेष व्याख्यान देंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। भारत में हर वर्ष लाखों लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं, जिनमें पैदल यात्री, साइकिल चालक और दोपहिया वाहन उपयोगकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हैं।
प्रो. डॉ. संजय ने कहा कि सड़क सुरक्षा को स्कूली शिक्षा का अनिवार्य हिस्सा बनाया जाना चाहिए। यदि बच्चों और युवाओं को शुरुआती स्तर से यातायात नियमों, नागरिक जिम्मेदारी और सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाए, तो बड़ी संख्या में दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है।
