तेल अवीव/ बेरूत, 03 मार्च (वार्ता) इजरायल ने मंगलवार को कहा कि हिजबुल्ला के खिलाफ उसके हमले जारी हैं और उसके सैनिक दक्षिणी लेबनान में अभियान चला रहे हैं। इजरायली सेना के अनुसार, सीमा पर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सैनिकों की तैनाती की गयी है, ताकि सीमावर्ती क्षेत्र के स्थानीय निवासियों की सुरक्षा मजबूत की जा सके। साथ ही सेना दक्षिणी लेबनान में भी अभियान चला रही है। इस बीच, इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने कहा कि उन्होंने और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को ‘लेबनान में रणनीतिक क्षेत्रों को सुरक्षित करने और आगे बढ़ने’ के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य सेना को लेबनानी क्षेत्र के भीतर नए क्षेत्रों पर कब्जा करने की अनुमति देना है।
लेबनानी सुरक्षा सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने शिन्हुआ को बताया कि एक टैंक और तीन सैन्य बुलडोजर से युक्त इजरायली बल ने स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग आठ बजे बजे लेबनान और इजरायल को अलग करने वाली ‘ब्लू लाइन’ को पार किया और लेबनानी क्षेत्र में लगभग एक किलोमीटर अंदर तक प्रवेश किया। सूत्रों ने बताया कि ‘बल दक्षिणी सीमा क्षेत्र के पूर्वी सेक्टर में अदैसह गांव और बुर्ज अल-मुलुक शहर के बीच स्थित ताल अल-नहास शहर की ओर बढ़े और फिर इलाके में बुलडोजर की सहायता से धवस्त अभियान चलाया।’ उन्होंने यह भी कहा कि “लेबनानी सेना इजरायली बल की आवाजाही पर नजर रख रही है।” श्री काट्ज़ ने मंगलवार को कहा कि इजरायली सेना लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों के खिलाफ ‘कड़ी कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि सोमवार को इजरायल पर गोलीबारी करने के लिए समूह को ‘भारी कीमत’ चुकानी पड़ेगी। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात, हिजबुल्ला ने इजरायल की ओर मिसाइलें और ड्रोन दागे। हिजबुल्ला ने कहा कि उसके हमले ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के प्रतिशोध में थे।
समूह के अनुसार, सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के, इजरायल ने हमलों का जवाब दिया, जिसमें उसने हिजबुल्ला से जुड़े अल-मनार टीवी चैनल और अल-नूर रेडियो के मुख्यालयों को निशाना बनाया गया। हिजबुल्ला ने मीडिया आउटलेट की इमारतों पर हमलों को आपराधिक कृत्य बताते हुए इसकी निंदा की। लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने रिपोर्ट दी है कि हिजबुल्ला के खिलाफ इजरायली हमलों में कम से कम 52 लोग मारे गए हैं। इससे पहले मंगलवार को, स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजे से हिजबुल्ला ने इजरायली सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर ड्रोन और रॉकेट हमले शुरू किये। हिजबुल्ला ने बयान जारी कर कहा कि ये हमले लेबनान के खिलाफ जारी इजरायली हमले के जवाब में थे।
बयानों में कहा गया कि समूह ने उत्तरी इजरायल में रामत डेविड एयरबेस और मेरोन मॉनिटरिंग बेस पर रडार साइटों और नियंत्रण कक्षों को निशाना बनाकर हमलावर ड्रोन भेजे। इसके साथ ही कब्जे वाली सीरियाई गोलन हाइट्स में नफाह सैन्य बेस पर रॉकेट हमले किये गये।

