नयी दिल्ली, 10 मई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव टूट गये। वहीं, गेहूं और चीनी में तेजी का रुख रहा जबकि खाद्य तेलों और दालों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 76 रुपये घटकर सप्ताहांत पर 3,761 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं तीन रुपये महंगा हुआ और 2,785 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव भी 17 रुपये बढ़कर 3,290 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 53 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गयी। मूंग दाल में 26 रुपये और चना दाल में 18 रुपये की साप्ताहिक गिरावट रही। वहीं, उड़द दाल तीन रुपये और मसूर दाल दो रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।
बीते सप्ताह पाम ऑयल की औसत कीमत 79 रुपये और सरसों तेल की 61 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल 55 रुपये और मूंगफली तेल 15 रुपये महंगा हुआ। वनस्पति भी दो रुपये मजबूत हुआ। वहीं, सोया तेल चार रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया।
मीठे के बाजार में बीते सप्ताह गुड़ का औसत भाव सात रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया। चीनी की कीमत 26 रुपये बढ़ गयी।
