कार्तिक आर्यन के लिए मां के साथ हर ‘मदर्स डे’ है ख़ास

मुंबई, 10 मई (वार्ता) मदर्स डे के खास मौके पर यदि बॉलीवुड के उन सितारों की बात की जाए, जिनका अपनी मां के साथ रिश्ता हमेशा लोगों का दिल जीतता है, तो उनमें कार्तिक आर्यन का नाम जरूर शामिल होता है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए प्यारे पलों से लेकर इंटरव्यूज़ में कही गई दिल छू लेने वाली बातों तक, कार्तिक ने हमेशा अपने परिवार के लिए अपने प्यार को खुलकर जाहिर किया है, और इनमें भी विशेष रूप से अपनी माँ डॉ. माला तिवारी के लिए कही गई बातें सुर्खियां बनती हैं।

सालों से कार्तिक यह बताते आए हैं कि उनकी मां हर मुश्किल और हर सफलता में उनकी सबसे बड़ी ताकत रही हैं। यही नहीं उन्होंने अपने कई इंटरव्यूज़ में इस बात का खुलासा किया है कि बॉलीवुड के बड़े स्टार बनने के बावजूद घर में आज भी उन्हें वही ग्वालियर वाला “कोकी” समझा जाता है और इसका श्रेय जाता है उनकी माँ को, जिन्होंने न सिर्फ उन्हें हमेशा जमीन से जुड़ा रहना सिखाया, बल्कि अपनी जड़ों को कभी न भूलना भी सिखाया।

कार्तिक की अपनी मां के लिए कही गई सबसे चर्चित बातों में से एक तब सामने आई, जब उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था, “मेरी मां मेरी लाइफ कोच हैं। किसी भी बड़े फैसले से पहले मैं सबसे पहले उन्हीं से बात करता हूं।” कार्तिक ने यह भी बताया था कि उनकी मां की सलाह और ईमानदार राय उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है, क्योंकि उन्होंने हमेशा उन्हें निजी और प्रोफेशनल दोनों फैसलों में सही रास्ता दिखाया है।

गौरतलब है कि कार्तिक का अपनी मां के प्रति प्यार सिर्फ शब्दों तक सीमित नहीं है, बल्कि बॉलीवुड में सफलता मिलने के बाद उन्होंने अपनी मां को एक लग्ज़री मिनी कूपर गिफ्ट की थी, जिसकी खूब चर्चा हुई थी। उस पल को याद करते हुए कार्तिक ने भावुक होकर कहा था कि मुंबई में बड़े सपने देखने से लेकर अपनी कमाई से मां को खास तोहफा देने तक का सफर उनके लिए बेहद खास रहा है।

यही वजह है कि फिल्म स्क्रीनिंग्स, फैमिली सेलिब्रेशन्स और इंस्टाग्राम वीडियोज़ में अक्सर साथ नजर आने वाले कार्तिक और उनकी मां का रिश्ता बॉलीवुड के सबसे प्यारे मां-बेटे के रिश्तों में गिना जाता है। उनका सादगी भरा पारिवारिक रिश्ता और एक-दूसरे के लिए सम्मान फैंस को हमेशा पसंद आता है, जो उनके हर मदर्स डे को और भी खास बना देता है।

 

 

Next Post

मां के सशक्त किरदार को फिल्मों में मिली जबरदस्त सराहना

Sun May 10 , 2026
मुंबई, 10 मई (वार्ता)। बॉलीवुड के फिल्मकारों ने मां के किरदार को अपनी फिल्मों में बेहद प्रभावशाली तरीके से पेश किया है। कई बार ऐसा भी हुआ है कि मां के सशक्त किरदार की वजह से ही फिल्म दर्शकों को आकर्षित करने में सफल रही है। सिल्वर स्क्रीन पर मां […]

You May Like