दो तालाब से शांति नगर तक बनेगी नई टू-लेन सड़क

उज्जैन: दो तालाब से शांति नगर तक एक नया संपर्क मार्ग बनाए जाने की रूपरेखा तय हो गई है. टेंडर ओपन हो चुका है. ठेकेदार को सोमवार तक वर्क आर्डर दे दिया जाएगा. अभी दस्तावेजों का परीक्षण चल रहा है, वहीं मार्ग में 100 मकान भी हटाए जाएंगे.

महाकुंभ सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर के भीतर सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की परिकल्पना के अनुरूप उज्जैन को आधुनिक और सुव्यवस्थित सड़क संपर्क से जोड़ने का कार्य तेज गति से चल रहा है। इसी क्रम में शहर को एक और महत्वपूर्ण टू-लेन सड़क की सौगात मिलने जा रही है, जो दो तालाब स्थित शिंदे नर्सिंग होम से प्रारंभ होकर शांति नगर तक बनाई जाएगी।

फोरलेन और सिक्सलेन से जुड़ेगा मार्ग
यह बनने जा रही नई सड़क आगे शांति नगर से उस फोर-लेन मार्ग से जुड़ेगी, जो हरिफाटक सिक्स-लेन सड़क से संपर्क स्थापित करता है. इस प्रकार हरिफाटक से लेकर दो तालाब तक एक वैकल्पिक और सशक्त यातायात मार्ग तैयार हो जाएगा, जिससे सिंहस्थ के दौरान आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं, साधु-संतों और देश-विदेश से आने वाले अतिथियों को बड़ी राहत मिलेगी.

11 करोड़ निर्माण लागत
नगर निगम द्वारा इस परियोजना के लिए लगभग 11 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था, जो अब खुल चुका है. दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद सोमवार को चयनित निर्माण एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा. इसके तुरंत बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा. परियोजना को एक वर्ष की समय-सीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

100 मकान चौड़ीकरण की जद में
इस सड़क निर्माण के लिए करीब 100 मकानों और निर्माणों को हटाया जाएगा. संबंधित रहवासियों को पूर्व में मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, और अब उन्हें लिखित नोटिस जारी किए जाएंगे. यह कार्य नगर निगम के जोन क्रमांक-6 के अंतर्गत किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि समय रहते सूचना दिए जाने से प्रभावित परिवार स्वयं अपने स्तर पर निर्माण हटाकर नुकसान कम कर सकते हैं.

आंतरिक कनेक्टिविटी मजबूत
ये नई सड़क बनने के बाद दो तालाब, भार्गव नगर और पंचमपुरा क्षेत्र से होकर यातायात सीधे पुष्पा मिशन अस्पताल के सामने देवास रोड तक पहुंचेगा. इसके साथ ही यह मार्ग विक्रम नगर और कोठी रोड से भी जुड़ जाएगा, जो आगे मक्सी रोड तक संपर्क प्रदान करता है। इस प्रकार शहर के पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण दिशा के प्रमुख मार्ग आपस में जुड़ जाएंगे.

बड़े मार्गो से कनेक्ट
अब स्थिति यह होगी कि शहर की टू-लेन सड़कें फोर-लेन मार्गों से जुड़ेंगी, फोर-लेन सड़कें सिक्स-लेन कॉरिडोर से संपर्क करेंगी और ये सभी बाहरी राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों से समन्वित हो जाएंगी. इससे उज्जैन की संपूर्ण यातायात संरचना एकीकृत रूप में विकसित होगी.

सिंहस्थ के साथ आम दिनों में भी मिलेगा लाभ
अब तक नानाखेड़ा से महाकाल मंदिर और शिप्रा तट तक पहुंचने के लिए सीमित मार्ग उपलब्ध थे, जिससे पर्वों और विशेष अवसरों पर अत्यधिक दबाव बनता था. ऐसे में आंतरिक सड़कों के विस्तार और नए संपर्क मार्गों के निर्माण से महाकाल मंदिर, शिप्रा घाट, प्रमुख देवालयों और मेला क्षेत्र तक पहुंचना कहीं अधिक आसान हो जाएगा.

आवागमन में सभी क लाभ
इस मार्ग के बनने से न केवल सिंहस्थ-2028 के दौरान भीड़ नियंत्रण में सहायता मिलेगी, बल्कि सामान्य दिनों में भी शहरवासियों, स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों, वाहन चालकों और पर्यटकों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. मोक्षदायिनी मां शिप्रा में स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालु और बाबा महाकाल के दर्शनार्थियों को भी तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा.

प्रशासन की टीम कर रही दिन-रात मॉनिटरिंग
महाकुंभ-2028 की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें लगातार सक्रिय हैं. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं.

Next Post

इंदौर से सेंधवा हाइवे पर नर्मदा नदीं पर एक और पुल का प्रस्ताव

Sun May 10 , 2026
इंदौर: इंदौर-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग 52 को छह लेन चौड़ी करने के लिए एनएचएआई द्वारा डीपीआर बनाने का कार्य चल रहा है. इंदौर से सेंधवा महाराष्ट्र सीमा तक करीब 160 किलोमीटर लंबी सड़क को 4 लेन से 6 किया जाएगा. उक्त योजना में खास बात यह है कि नर्मदा नदी पर […]

You May Like