हैदराबाद, 16 अप्रैल (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) के अधिकारियों ने बुधवार को यहां दो व्यावसायिक संस्थानों सुराना इंडस्ट्रीज और उसकी सहयोगी कंपनी साई सूर्या डेवलपर्स पर छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, ईडी के अधिकारियों ने सुराना समूह के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के आवासों के साथ-साथ साई सूर्या डेवलपर्स के शीर्ष अधिकारियों के आवासों पर भी छापेमारी की। इसके अलावा बोवेनपल्ली, सिकंदराबाद, जुबली हिल्स और माधापुर सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
गौरतलब है कि सुराना समूह ने कथित तौर पर चेन्नई के एक प्रमुख बैंक से कई हजार करोड़ रुपये का ऋण लिया था। केंद्रीय जांच ब्यूरो ( सीबीआई ) ने कथित ऋण चूक और उधार ली गई राशि को चुकाने में विफलता के लिए समूह के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज किया है।
ऐसा माना जा रहा है कि ईडी अपनी चल रही जांच के तहत समूह से जुड़े हालिया वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।
