
इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में बायपास पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई. युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
मृतक की पहचान अशोक निवासी मूसाखेड़ी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खंडवा जिले का रहने वाला था और इंदौर में ड्राइवरी करता था. देर रात वह बाइक से जा रहा था, तभी फीनिक्स सिटी के सामने अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना के बाद राहगीरों ने घायल युवक को देखा और एंबुलेंस से एमवाय अस्पताल पहुंचाया. युवक के पास मिले मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी. कनाड़िया पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है.
