गैबोरोन (बोत्सवाना) 01 मई (वार्ता) भारत की 21 सदस्यीय टीम शनिवार को बोत्सवाना में शुरू होने वाले विश्व एथलेटिक्स रिलेज 2026 की पांच स्पर्धाओं में हिस्सा लेगी। अफ्रीका में होने वाली पहली विश्व एथलेटिक्स रिलेज गैबोरोन प्रतियोगिता दो से तीन मई तक चलेगी। इसमे कुल छह रिले स्पर्धाएं- पुरुषों, महिलाओं और मिश्रित 4 गुणा 400 मी. और 4 गुणा 100मी. मुकाबले होंगे। यह टीम प्रतियोगिता का आठवां संस्करण है। भारत छह दौड़ से पांच में टीमें उतारेगा, जिसमें महिलाओं की 4गुणा400मी अकेली छूट होगी।पदक प्रतियोगिता के अलावा, गैबोरोन 26 दो बड़े वर्ल्ड एथलेटिक्स इवेंट्स के लिए क्वालिफाइंग स्पर्धा भी है। दो मिश्रित रिले में से टॉप छह टीमें इस साल के आखिर में बुडापेस्ट में होने वाली पहली वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप के लिए अपने आप क्वालिफ़ाई कर लेंगी। वहीं, सभी छह स्पर्धाओं में से शीर्ष 12 टीमें बीजिंग, चीन में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 के लिए क्वालिफ़ाई करेंगी।
आगामी विश्व रिले में 40 फ़ेडरेशन के कुल 723 एथलीट हिस्सा लेंगे। शनिवार को, सभी छह स्पर्धा की चार हीट में से हर एक में टॉप दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी और बीजिंग में होने वाली 2027 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालिफ़ाई करेंगी। ये टीमें रविवार को वर्ल्ड चैंपियनशिप में पदक और खास लेन-सीडिंग पोजीशन के लिए मुकाबला करेंगी। जो टीमें पहले दिन फाइनल कट में जगह नहीं बना पातीं, वे रविवार को एक और राउंड में दौड़ेंगी, जहाँ दोनों हीट में से हर एक में शीर्ष दो टीमें बीजिंग 2027 के लिए भी क्वालिफाई करेंगी।

