होर्मुज जलडमरूमध्य में गोलीबारी के बाद भी अमेरिका-ईरान युद्धविराम बरकरार : ट्रम्प

वाशिंगटन, 08 मई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि गुरुवार देर रात अमेरिका और ईरान दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी के बाद भी युद्धविराम बरकरार है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि पहले गोली किसने चलाई। बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार ईरान के शीर्ष सैन्य कमान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर आ रहे एक ईरानी तेल टैंकर और एक अन्य पोत को निशाना बनाया और कई तटीय क्षेत्रों पर “हवाई हमले” किए। इस बीच अमेरिका ने कहा कि उसने जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना के निर्देशित मिसाइल विध्वंसक पोतों पर ईरानी हमलों का जवाब “आत्मरक्षा” के तौर पर दिया। श्री ट्रम्प ने कहा कि ईरान ने “आज हमसे खिलवाड़ किया”। सरकारी मीडिया ने शुरू में होर्मुज जलडमरूमध्य में “विस्फोटों” की सूचना दी, जिसे “शत्रुता” के साथ “गोलीबारी” बताया गया। इस बीच, स्थानीय मीडिया ने तेहरान में विस्फोटों की आवाजें सुनने की सूचना दी। इसके कुछ ही समय बाद, ईरान के शीर्ष सैन्य कमान के एक बयान में कहा गया कि अमेरिकी “हवाई हमलों” ने बंदर खमीर, सिरिक और केशम द्वीप के तटों को निशाना बनाया। ईरान ने कहा कि उसने अमेरिकी सैन्य जहाजों पर तत्काल हमला करके जवाबी कार्रवाई की, जिससे “काफी नुकसान” हुआ, और अमेरिका पर “युद्धविराम का उल्लंघन” करने का आरोप लगाया।

अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) ने ईरान के हमलों को “बिना किसी उकसावे के” बताया और कहा कि जब अमेरिकी नौसेना के निर्देशित मिसाइल विध्वंसक जलडमरूमध्य से गुजर रहे थे, तब ईरानी सेना ने कई मिसाइलों, ड्रोन और छोटी नौकाओं से हमले किये। सेंटकॉम ने कहा कि उसने “आने वाले खतरों को खत्म कर दिया है और अमेरिकी सेना पर हमला करने के लिए जिम्मेदार ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है, जिनमें मिसाइल और ड्रोन लॉन्च स्थल; कमान और नियंत्रण केंद्र; और खुफिया, निगरानी और टोही केंद्र शामिल हैं।” बयान में कहा गया, “सेंटकॉम तनाव बढ़ाना नहीं चाहता है लेकिन अमेरिकी सेना की रक्षा के लिए हर समय तैनात और तैयार है।” ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए श्री ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने कई छोटी नौकाओं को नष्ट कर दिया जो “वह उसी तरह से समुद्र में गिर गईं, जैसे कोई तितली गिरती है!” उन्होंने कहा, “ईरानी हमलावरों को भारी नुकसान पहुँचाया गया है।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने शांति समझौते को लेकर अपनी चेतावनी दोहराई, “जिस तरह हमने आज उन्हें फिर से करारा जवाब दिया है, अगर वे जल्द से जल्द समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं, तो हम भविष्य में उन्हें और भी बुरी तरह और हिंसक तरीके से हराएँगे!” एक इजरायली सूत्र ने बीबीसी को बताया कि इन हमलों में इजरायल की कोई संलिप्तता नहीं है। यह तनाव ऐसे समय में बढ़ा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने हाल ही में कहा था कि ईरान में युद्ध “जल्द ही समाप्त हो जाएगा।”

Next Post

सेलिना जेटली का छलका दर्द: बेटे शमशेर की कब्र साफ करते हुए भावुक हुईं अभिनेत्री, पति पीटर हाग पर लगाए बच्चों से दूर रखने के गंभीर आरोप

Fri May 8 , 2026
मुंबई | बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली इस समय अपने जीवन के सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रही हैं। हाल ही में अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र की सफाई करती नजर आ रही हैं। […]

You May Like

मनोरंजन