सिंगरौली : कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में विकासखण्ड देवसर की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने विकासखण्ड में एचपीवी टीकाकरण तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर की समीक्षा करते हुए कमी मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।कलेक्टर ने अपने दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही एवं उदासीनता बरतने पर सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, डीपीएम सुधांशु मिश्रा के वेतन आहरण पर आगामी आदेश तक रोक लगाने के निर्देशित किया। वहीं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पंकज सिंह, बीपीएम सरिता सिंह तथा बीसीएम राजेश शाह के कार्य में लापरवाही बरतने पर एक सप्ताह का वेतन काटने के निर्देशित किया।
वही सेक्टर सुपरवाईजर श्यामकली चैधरी को चेतावनी जारी करने का निर्देशित किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित अमले को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। वहीं टीकाकरण का कार्य भी संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निर्देशित किया कि टीकाकरण सत्र निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित हों और यदि कोई व्यक्ति टीकाकरण से वंचित रह जाता है तो उसका टीकाकरण अन्य समय पर तत्काल पूर्ण कराया जाए। बैठक के दौरान जिला के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
देवसर ब्लॉक के स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सख्त निगरानी
कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत प्रसव पूर्व पंजीयन, जांच एवं संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र निर्धारित समय पर खुले तथा बिना पूर्व अनुमति के अवकाश पर जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक केन्द्र पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला अनिवार्य रूप से मौजूद रहेगा तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अपने कार्यों का निर्वहन सुनिश्चित करेगा। बैठक के दौरान यह भी निर्देशित किया कि सेक्टर स्तर पर एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, सहायिका सहित अन्य अमला बेहतर तालमेल के साथ हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ से लाभान्वित करें।
