जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत रक्षा नगर कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोडक़र सोने-चांदी के कीमती आभूषणों और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, जेडीए ऑफिस के पीछे रक्षा नगर बड़ा पत्थर निवासी सुमित कुमार गुप्ता (32) निजी कार्य करते हैं। वे अपने घर पर ताला लगाकर सपरिवार अपने ससुराल सिवनी (छपारा) गए हुए थे।
जब वापस लौटे, तो घर का मुख्य दरवाजा खोलने के बाद अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अज्ञात चोर छत पर बने टावर का दरवाजा तोडक़र घर के अंदर दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़ा और उसमें रखे सारे कीमती गहने और नगद रुपए बटोर कर रफूचक्कर हो गए।चोर सोने का 1 तोला मंगलसूत्र, 15 ग्राम का हार, 5 अंगूठियां, 10 ग्राम की चेन, झुमकी व कनछड़ी 9 ग्राम और बच्चों के गहने समेत चांदी के जेवरात, अलमारी में रखे 35,000 रुपये नगद चुराकर ले गए है।
