अचानक बदले मौसम ने दी तेज गर्मी से राहत

सिवनी जिले में गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे मौसम का मिजाज बदल गया,मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। सिवनी मुख्यालय में रिमझिम बारिश हुई जबकि खवासा सहित आसपास के क्षेत्रों में झमाझम हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली। अभी तक ठंडी हवाएं चल रहीं है और आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है।

एक दिन पहले बुधवार को भी मौसम का मिजाज बदला था। घने बादलों के साथ तेज हवाएं चलीं और कुछ स्थानों पर बारिश शुरू हो गई थी। लगातार बदलते मौसम से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।

बारिश का सबसे अधिक असर उन उपार्जन केंद्रों पर देखने को मिला, जहां समर्थन मूल्य पर खरीदा गया गेहूं खुले में रखा हुआ है। कई केंद्रों पर पर्याप्त ढकाव और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण गेहूं भीगने की संभावना बनी हुई है। इससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार अस्थिर बना हुआ है, इसके बावजूद उपार्जन केंद्रों में अनाज को खुले में रखा जा रहा है। अचानक हुई बारिश ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि उपार्जन केंद्रों पर अनाज के सुरक्षित भंडारण के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

वहीं प्रशासन द्वारा केंद्र संचालकों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं कि खरीदे गए अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए और तिरपाल सहित आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। इसके बावजूद कई केंद्रों पर लापरवाही सामने आ रही है।

Next Post

मवेशी से टकराई बाइक, बच्चे सहित 4 घायल,दो जबलपुर रेफर

Thu May 7 , 2026
सिवनी। जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत केवलारी ग्राम के समीप मंगलवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार बच्चे सहित 4 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब बाइक में 3 लोग और एक बच्चा एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट […]

You May Like