मैहर :मैहर शहर में सौदर्यीकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और बाल हितों को केन्द्र में रखते हुए कलेक्टर मैहर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने कार्पोरेट सोशल रिस्पान्सिबिलिटी मद से मैहर के 5 प्रमुख चौराहों, 10 आंगनवाडी केन्द्र की साज-सज्जा, चाइल्ड फ्रेंडली प्री स्कूल और जिला अस्पताल के 5 वार्डो के कायाकल्प के लिए नवाचार प्रारंभ किया है। सी.एस.आर. पार्टनर और संबंधित विभाग प्रमुखों के साथ संयुक्त बैठक में कलेक्टर ने कार्य योजना के अनुसार शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिये।
गत सप्ताह सी.एस.आर. मद की सम्पन्न जिला स्तरीय बैठक के निर्णयानुसार प्रथम चरण में 5 प्रमुख औद्योगिक संस्थानों द्वारा नगरीय क्षेत्र की 10 आंगनवाडी, 5 चौराहे और अस्पताल के 5 विभिन्न यूनिट वार्ड का कायाकल्प किया जायेगा। इनमें प्रत्येक औद्योगिक संस्थान को 2-2 आंगनवाडी, एक चौराहे और अस्पताल का एक वार्ड विकसित और सौदर्यीकरण के लिए सौपा गया है। इनमें प्रमुख 5 चौराहों में जीरो पाइंट चौराहा, घंटाघर चौराहा, अलाउद्दीन तिराहा, एसबीआई चौराहा और रेल्वे स्टेशन तिराहा सौदर्यीकरण मरम्मतीकरण के काम शामिल है।
कार्यो के मानीटरिंग और सुपरवीजन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम मैहर, तहसीलदार, आरटीओ, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी, सीएमओ नगर पालिका की समिति बनाई गई है। जिला चिकित्सालय मैहर केक विभिन्न यूनिट और वार्डो के कायाकल्प के कार्य की देख-रेख के लिए एसडीएम मैहर, सिविल सर्जन मैहर, लोक निर्माण के कार्यपालन यंत्री की समिति रहेगी। जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केन्द्र, प्रसव पूर्व वार्ड, प्रसव पश्चात वार्ड, जनरल वार्ड, विकलांगता वार्ड कक्ष के नवीनीकरण और साज-सज्जा के कार्य किये जायेंगे। नगर पालिका मैहर के 10 आंगनवाडी केन्द्रों को चाइल्ड फ्रेडली प्री स्कूल और आकर्षक साज-सज्जा के लिए मानीटरिंग समिति में एसडीएम मैहर, जिला कार्यक्रम अधिकारी मैहर तथा कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण को शामिल किया गया है।
कलेक्टर मैहर ने कहा कि तकनीकी समिति द्वारा प्राप्त प्राक्कलन के अनुसार स्वीकृति प्राप्त कर गुरूवार से कार्य प्रारंभ किये जाये। उन्होंने कहा कि कार्य प्रारंभ से लेकर पूर्ण होने तक डाक्यूमेंटेंशन भी कराये। बैठक में सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह, एसडीएम एसपी मिश्रा, दिव्या पटेल, डॉ. आरती सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण बीआर सिंह, डीपीओ राजेन्द्र बांगरे, जिला शिक्षा अधिकारी गिरीश अग्निहोत्री, सीईओ जनपद सहित औद्योगिक प्रतिष्ठान, अल्ट्राटेक सीमेंट मैहर, अल्ट्राटेक सीमेंट बधवार, आरसी सीपीएल भरौली-मैहर, केजेएस सीमेंट और एसएनएस मिनरल्स मैहर के सीएसआर प्रबंधक भी उपस्थित थे
