हैदराबाद | दिवंगत अभिनेता इरफान खान के प्रशंसकों के लिए एक सुखद खबर सामने आई है। उनकी 26 साल पुरानी अनरिलीज्ड फिल्म ‘द लास्ट टेनेंट’ को आखिरकार दर्शकों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में विद्या बालन भी मुख्य भूमिका में हैं। यह इन दोनों दिग्गजों की साथ में एकमात्र फिल्म है, जिसे उस समय शूट किया गया था जब वे भारतीय सिनेमा के बड़े नाम नहीं बने थे। यह फिल्म किसी सिनेमाघर में नहीं, बल्कि 29 अप्रैल को इरफान खान की पुण्यतिथि के अवसर पर ‘द सॉल्ट इंक’ के यूट्यूब चैनल पर चुपचाप रिलीज की गई है।
फिल्म के रिलीज में ढाई दशक से ज्यादा की देरी की वजह इसकी फुटेज का खो जाना था। निर्देशक सार्थक दासगुप्ता ने खुलासा किया कि साल 2000 में फिल्म पूरी होने के बाद इसकी मास्टर टेप गायब हो गई थी और कुछ अन्य हिस्सों में फंगस लग गया था। सालों तक यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में रहा, लेकिन हाल ही में निर्देशक को पुराने सामान में इसकी एक वीएचएस (VHS) कॉपी मिली। हालांकि वीडियो की गुणवत्ता थोड़ी कम है, लेकिन इरफान खान की यादों और उनके शुरुआती अभिनय को सहेजने के लिए मेकर्स ने इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करने का फैसला किया।
निर्देशक सार्थक दासगुप्ता ने अपनी पहली फिल्म के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी मां की एफडी (FD) तुड़वाकर यह शॉर्ट फिल्म बनाई थी। उस समय इरफान और विद्या दोनों ही अपने करियर के शुरुआती मोड़ पर थे और स्क्रिप्ट सुनने के बाद एक बार में काम करने के लिए तैयार हो गए थे। सार्थक ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट लिखते हुए कहा कि यह फिल्म उनके निर्देशन की पहली सीढ़ी थी और इसे रिलीज करना इरफान खान को एक सच्ची श्रद्धांजलि है। इस खबर के बाद सोशल मीडिया पर इरफान के प्रशंसक अपनी चहेते कलाकार की इस अनमोल धरोहर को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

