ईरान के विदेश मंत्री बीजिंग यात्रा पर करेंगे चीनी समकक्ष के साथ वार्ता

तेहरान/बीजिंग, 5 मई (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपने चीनी समकक्ष वांग यी के साथ बातचीत करने के लिये बीजिंग की यात्रा पर जाने वाले हैं। ईरान यह कदम संयुक्त अमेरिका इजरायल के साथ चल रहे संघर्ष और बढ़ते क्षेत्रीय तनाव के बीच कूटनीतिक समर्थन जुटाने के लिये उठा रहा है। ईरान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, चर्चा “द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर केंद्रित” होगी, जिसमें युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में उत्पन्न व्यवधान प्रमुखता से शामिल होने की संभावना है। चीन ने 28 फरवरी को ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने के बाद से ही अत्यंत सतर्क रुख अपनाया हुआ है।

यद्यपि कई देशों की भांति चीन ने भी ईरान पर अमेरिका और इजरायल के शुरुआती हमलों की निंदा की थी, लेकिन ईरान के साथ अपनी निकटता के बावजूद वह आश्चर्यजनक रूप से तटस्थ बना हुआ है। चीन लगातार तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान का आह्वान करता रहा है। चीन ईरानी तेल का सबसे बड़ा खरीदार बना हुआ है, फिर भी इसके विशाल भंडार और ऊर्जा के विविध स्रोतों ने इसे होर्मुज जलडमरूमध्य में आए व्यवधान के बुरे प्रभावों से बचाये रखा है। ईरान ने इस मार्ग को प्रभावी रूप से उन देशों के लिये प्रतिबंधित कर दिया है जिन्हें वह “शत्रु” मानता है। यह यात्रा अमेरिका-चीन संबंधों के एक महत्वपूर्ण क्षण से पहले हो रही है, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14-15 मई के बीच अपने चीनी समकक्ष राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत के लिये चीन जाने वाले हैं। 2025 में व्हाइट हाउस लौटने के बाद उनकी यह पहली चीन यात्रा होगी।

अमेरिका और चीन के बीच पिछले एक वर्ष से संबंधों में तनाव बढ़ गया है। इन दोनों आर्थिक महाशक्तियों के बीच शुल्कों और व्यापार नीति को लेकर बार-बार विवाद हुये। पिछले अक्टूबर में दक्षिण कोरिया में हुई बैठक में दोनों देश अस्थायी समझौते पर सहमत हुये। श्री ट्रंप ने कल व्हाइट हाउस के एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “मैं दो सप्ताह में राष्ट्रपति शी से मिलने जा रहा हूं। मुझे इसका इंतजार है। वास्तव में यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण यात्रा होगी।” फॉक्स न्यूज के साथ सोमवार को एक साक्षात्कार में, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने चीन से अपने कूटनीतिक प्रयासों को तेज करने का आग्रह किया, ताकि ईरान को अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिये होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने हेतु राजी किया जा सके।

.....

Next Post

सोहागपुर कांग्रेस की हुंकार: संगठन सृजन और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का लिया संकल्प

Tue May 5 , 2026
सोहागपुर । कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन कार्यक्रम को जमीनी स्तर पर संचालित करने को लेकर सोहागपुर में विधानसभा स्तरीय बैठक का आयोजन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की सह-प्रभारी सुश्री ऊषा नायडू, पूर्व विधायक जिला प्रभारी संजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवकांत गुड्डन पांडेय एवं विधानसभा […]

You May Like