
आलीराजपुर। संगठनात्मक दृष्टि से “प्रवास” भारतीय जनता पार्टी की कार्यसंस्कृति का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रभावशाली अंग है। यह प्रक्रिया संगठन की जड़ों को सुदृढ़ करने, कार्य की गति को तीव्र बनाने तथा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और उत्साह का संचार करने का सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल केनिर्देशानुसार पार्टी की प्रत्येक माह के प्रथम सप्ताह में सभी मंडलों की मंडल स्तर पर नियमित बैठक करने के निर्देश अनुसार आज आलीराजपुर जिले के भाबरा, उदयगढ़ एवं बरझर मंडल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक का शुभारंभ संगठन के नियमित क्रम के अनुसार किया गया। जिसके साथ बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया ने मंडल की कार्यप्रगति की बिंदुवार जानकारी ली।जिसके पश्चात जिला प्रभारी पटोदिया ने प्रत्येक मंडल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर कार्यक्रमों की स्थिति का आकलन करते हुए जहां आवश्यक हुआ वहां सुधार के निर्देश दिए। जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया ने स्पष्ट कहा कि संगठन की मजबूती का आधार मंडल और बूथ स्तर की सक्रियता है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करना होगा।
जिलाध्यक्ष मकू परवाल ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्य नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनहित के कार्यों के माध्यम से आमजन का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित सभी अभियानों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना है। साथ ही उन्होंने बूथ सशक्तिकरण, पन्ना प्रमुख व्यवस्था को मजबूत करने, लाभार्थी संपर्क अभियान को तेज करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के लिए कहा।
मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य सरकार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश के अंतिम छोर तक विकास की गाथा लिखते हुए ग्रामों फलियों से लेकर छोटे बड़े शहरों तक सभी जगहों हर आम जनमानस की हर बुनियादी एवं जनसुविधा अनुसार की जा रही मांगो को पूरा करते हुए सरकार हर मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध करवाने हेतु वचनबद्ध होकर कार्यरत है। विशाल रावत ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी, गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण और युवा रोजगार से जुड़ी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया।
उदयगढ़ मंडल की बैठक के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मांगीलाल चौहान का सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वागत करते हुए बधाई दी। बैठक में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, भाजपा जिला प्रभारी दिलीप पटोदिया, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, युवा नेता विशाल रावत, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मांगीलाल चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनीष शुक्ला, अजय जायसवाल सहित भाबरा मंडल अध्यक्ष नारायण अरोड़ा, बरझर मंडल अध्यक्ष लालसिंह, उदयगढ़ मंडल अध्यक्ष जीतू गुजराती, भूपेंद्र डावर, मांगीलाल चौहान सहित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता द्वारा दी गई।
