जबलपुर: माढ़ोताल थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में सरिया हाईटेंशन लाइन से टच होने हुई एक मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने ठेकेदार पर गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली। जांच में यह बात सामने आई कि आधुनिक संसाधनों, सुरक्षा उपकरणों के इंतजाम के बिना काम चल रहा था। लापरवाही पूर्वक कार्य कराये जाने से करंट लगने से मजदूर की मौत हुई थी।
पुलिस के मुताबिक राकेश केवट पिता शंकर केवट 26 वर्ष निवासी तेन्दूखेड़ा थाना तेन्दूखेड़ा जिला दमोह ने सूचना दी थी कि शिवभूषण पाण्डेय का मकान श्रीराम कालेज के मेन गेट के पहले है। निर्माणाधीन मकान में 3 अक्टूबर 2023 को मकान में जुडाई का काम चल रहा था, चार मजदूर काम कर रहे थे, शाम करीव 5ः30 बजे कृष्ण कुमार मरावी ग्राम पडरिया कुंडम का सरिया छत के ऊपर ले जा रहा था, जो खिडकी से सरिया छत में ले जाने के लिये अंदर किया उसी दौरान सरिया हाईटेंशन लाइन से टच हो गई एवं कृष्ण कुमार को करंट लग गया जिससे कृष्ण कुमार मरावी पिता बसंत लाल मरावी 35 वर्षीय निवासी पडरिया थाना कुण्डम की मौत हो गई थी।
पुलिस जांच पर यह बात सामने आई कि ठेकेदार विशन सिंह चौहान एवं भूपेन्द्र सिंह भाटिया के द्वारा आधुनिक संसाधनों, सुरक्षा उपकरणों के इंतजाम नही किये जाने से लापरवाही पूर्वक कार्य कराये जाने से करंट लगने से मजदूर की मौत हुई थी। ठेकेदार विशन सिंह चौहान व भूपेन्द्र सिंह भाटिया खिलाफ गैर इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
