सीहोर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जिले में आरटीई के तहत निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश की द्वितीय चरण की प्रक्रिया 4 मई से शुरू होगी. राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला परियोजना समन्वयक को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.
गौरतलब है कि कमजोर वर्ग एवं वंचित समूह के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 की धारा 12(1)(ग) के अंतर्गत अशासकीय, गैर-अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश दिया जाता है.
प्रदेश में आरटीई के प्रथम चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है. इसके बाद जिन विद्यालयों में सीटें रिक्त रह गई हैं, उन्हें द्वितीय चरण के लिए पोर्टल पर प्रदर्शित किया गया है. राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि इस चरण में कोई नया पंजीयन नहीं होगा और केवल वही आवेदक शामिल होंगे जिन्होंने पहले चरण में आवेदन किया था.अवकाश के कारण जिन अभिभावकों के बच्चों का दस्तावेज सत्यापन नहीं हो सका था, उन्हें एक और अवसर दिया गया है. ऐसे आवेदक चयनित जनशिक्षा केंद्र या बीआरसीसी कार्यालय में सत्यापन करा सकते हैं. द्वितीय चरण के अंतर्गत 9 मई तक दस्तावेज़ सत्यापन, 11 से 16 मई तक विद्यालयों की चॉइस अपडेट, 20 मई को ऑनलाइन लॉटरी तथा 20 मई से 10 जून तक प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी.
जनशिक्षा केन्द्र पर अधिकारी रहेंगे पाबंद
द्वितीय चरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक जनशिक्षा केंद्र पर अधिकतम दो अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, साथ ही जनशिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी ताकि समय-सीमा में सभी आवेदनों का सत्यापन हो सके. जिन आवेदकों को पहले चरण में कोई विद्यालय आवंटित नहीं हुआ, वे अपनी चॉइस अपडेट कर सकेंगे. इसके अलावा, जिन अभिभावकों को विद्यालय आवंटित हुआ था लेकिन उन्होंने प्रवेश नहीं लिया, वे भी इस चरण में शामिल होकर पुन: अपनी पसंद के विद्यालयों का चयन कर सकेंगे.
10 वीं, 12 वीं के छात्र आज तक भर सकेंगे फार्म
एमपी बोर्ड ने दूसरे बोर्ड 10वीं और 12वीं के दूसरे अवसर की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की तारीख तीसरी बार बढ़ा दी है. अब विद्यार्थी 4 मई तक परीक्षा फार्म भर सकेंगे. खास बात यह है कि परीक्षा फीस अधिक होने के कारण विद्यार्थी द्वितीय चरण की परीक्षा में शामिल नहीं हो रहे हैं. ऐसे में माध्यमिक शिक्षा मंडल बार-बार परीक्षा की तारीख बढ़ा रहा है कि ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी दूसरे अवसर की परीक्षा में शामिल हो सकें. अनुमान लगाया जा रहा है कि जिले में अब भी डेढ़ हजार से ज्यादा विद्यार्थी और संभाग में करीब 20 हजार से ज्यादा फेल विद्यार्थी ऐसे हैं जो दूसरे अवसर की परीक्षा में शामिल होने के फार्म नहीं भर पाए हैं. ऐसा फॉर्म भरने से छूटे छात्रों को एक और मौका दिया गया है. हाई स्कूल-हायर सेकंडरी के फेल या श्रेणी सुधार वाले ये छात्र अब सोमवार तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. हालांकि परीक्षा यथावत 7 मई से ही शुरू होंगी. बोर्ड ने पहले उक्त दोनों परीक्षाओं के लिए फॉर्म भरने की तारीख 26 अप्रैल तय की थी. इससे पहले फार्म भरने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल थी. शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मानें तो दोनों परीक्षाओं की गोपनीय सामग्री जिले में 4 मई को आ सकती है. समन्वयक संस्था से 5 मई को परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण होगा. सीहोर जिले की बात करें तो यहां 5 हजार 164 परीक्षार्थी फेल हुए थे। इसके साथ ही 151 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे थे. यानी कि 5 315 विद्यार्थियों को पुन: परीक्षा में शामिल होना था. इसके साथ ही श्रेणी सुधार के लिए भी विद्यार्थी द्वितीय अवसर की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. हालांकि अब तारीख बढऩे से अधिक से अधिक छात्र फार्म भर सकते हैं. जो छात्र फॉर्म भर चुके हैं उन्हें प्रवेश पत्र ऑनलाइन मिलेंगे.
