चौबीस घण्टे के अंदर दो तेंदुए के शव मिलने से विभाग में हड़कम्प

सतना : बीते चौबीस घण्टे के अंदर सतना मैहर दोनों जिलो में तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कम्प मच गया है. सतना में नर और मैहर में मादा की मौत फिलहाल दुर्घटना से बताई जा रही है.सतना-मैहर रेलखण्ड पर उचेहरा क्षेत्र के तिघरा रेलवे फाटक के निकट रेलवे ट्रैक पर रविवार की सुबह एक तेंदुए का शव पाया गया. सतना वन मण्डल सहित उचेहरा वल परिक्षेत्र के अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की. जिसके बाद तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया.जिले के उचेहरा वन परिक्षेत्र का कुछ हिस्सा रेलवे ट्रैक के आस पास से गुजरता है.

जिसके चलते राष्ट्रीय पार्क पन्ना के जंगलों में रहने वाले कुछ वन्य जीव विचरण करते हुए उचेहरा वन परिक्षेत्र तक पहुंच जाते हैं. यहां तक कि कभी कभी वन्य जीव जंगल के आस पास स्थित गांव तक भी पहुंच जाते हैं. इसी कड़ी में रविवार की सुबह उचेहरा वन परिक्षेत्र के रेंजर सचिन नामदेव को इस बात की सूचना मिली कि तिघरा रेल फाटक के निकट रेलवे ट्रैक पर एक तेंदुए का शव पड़ा हुआ है.

यह जानकारी मिलते ही उचेहरा वन परिक्षेत्र का वन अमला मौके पर पहुंच गया. रेंजर के अनुसार लोहरौरा गांव के निकट रेलवे पोल क्रमांक 1173 और 2325 के बीच रेलवे ट्रैक पर तेंदुए का शव पड़ा मिला. जिस स्थान पर तेंदुए का शव पड़ा मिला उासके आस पास काफी मात्रा में खून भी बहा हुआ पाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई. जिसके चलते सतना वन मण्डल के वरिष्ठ अधिकारी और वन विभाग का डाग स्क्वाड भी मौके पर पहुंच गया. घटना स्थल सहित आस पास के क्षेत्र का बारीकी से मुआयना किया गया. वन विभाग की टीम द्वारा यह जानने का प्रयास भी किया गया कि कहीं तेंदुए के शिकार का प्रयास तो नहीं किया गया था.

लेकिन घटनास्थल व आस पास ऐसे को साक्ष्य नहीं मिले जो इस ओर इशारा करते नजर आएं. लिहाजा जांच पूरी करने के बाद तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया. मृत तेंदुए की आयु दो से लेकर ढाई वर्ष के बीच आंकी गई. साथ ही यह भी बताया गया कि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि के लिए राष्ट्रीय बाघ संरक्षाण प्राधिकरण यानी एनटीसीए के निर्धारित प्रोटोकॉल के अंतर्गत पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद ही मृत तेंदुए का अंतिम संस्कार किया जाएगा. प्रथम दृष्ट्या यह संभावना जताई जा रही है कि देर रात अथवा भोर के समय रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान तेंदुआ किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया होगा.
हाइवे किनारे मिली मृत मादा तेंदआ
हलांकि उचेहरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से टकराकर तेंदुए की मौत हो जाने की यह पहली घटना सामने आई है. लेकिन इससे पहले सतना-मानिकपुर रेलखण्ड पर मझगवां रेलवे स्टेशन के आस पास रेलवे ट्रैक पर बाघ, शावक और तेंदुए जैसे वन्य प्राणियों के शव मिल चुके हैं. मामले का काबिलेगौर पहलू यह भी रहा कि रविवार को ही मैहर-झुकेही राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट एक मादा तेंदुए का शव पाया गया. जिसकी उम्र एक से डेढ़ वर्ष के बीच आंकी गई. मृत तेंदुए के जबड़े पर चोट के निशान पाए गए हैं. जिसे देखते हुए वन विभाग द्वारा जांच शुरु कर दी गई.
 शारदा मंदिर पहाड़ी पर तेंदुए की दस्तक
मैहर में जिस त्रकूट पर्वत पर मां शारदा का मंदिर स्थित है उस पहाड़ी पर तेंदुए की दस्तक ने सनसनी फैली दी. बताया गया कि रविवार की दोपहर मंदिर की ओर जा रहे कुछ श्रद्धालुओं की नजर सडक़ पर घूम रहे तेंदुए पर पड़ी. लिहाजा एक श्रद्धालु ने उक्त घटना का वीडिया भी बना लिया. घटना की जानकारी मिलने पर वन अमला सक्रिय हो गया और सर्चिंग शुरु कर दी गई. हलांकि सर्चिंग के दौरान तेंदुआ अथवा शावक तो नजर नहीं आए लेकिन उनके पग मार्क जरुर पाए गए. इसी कड़ी में रेंजर मैहर शुभम खरे ने जानकारी देते हुए बताया कि मां शारदा माता मंदिर क्षेत्र में तेंदुए का मूवमेंट है. लेकिन उसके चलते किसी प्रकार के डर जैसी कोई स्थिति नहीं है.
इनका कहना है
कई बार आसान भोजन जैसे बकरी, बछड़ा, कुत्ता आदि की तलाश में तेंदुए शहर की ओर रुख कर लेते हैं. लिहाजा संभावना है कि भोजन की तलाश में निकला तेंदुआ लोहरौरा गांव के निकट रेलवे ट्रैक पर दुर्घटना का शिकार हो गया होगा.
मयंक चांदीवाल, डीएफओ, सतना

मैहर स्थित मां शारदा मंदिर वाली पहाड़ी पर एक पुराना तालाब है. लिहाजा वन्य जीव और विशेषकर तेंदुए अक्सर वहां पर पानी पीने के लिए आते रहते हैं. यह एक सामान्य घटना है, इससे अधिक डरने की आवश्यकता नहीं है.
विद्या भूषण मिश्र, डीएफओ, मैहर

Next Post

पारे में मामूली गिरावट, लेकिन उमस ने किया हलाकान     

Mon May 4 , 2026
सतना : मौसमी फेरबदल के चलते गुरुवार को मिली फौरी राहत दो दिन में ही काफूर हो गई. नतीजतन शनिवार से शुरु हुई उमस भरी गर्मी ने रविवार होते-होते लोगों को हलाकान करना शुरु कर दिया. वहीं अब मौसम विभाग द्वारा गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई […]

You May Like