57 केन्द्रों पर 23 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

इंदौर:शहर में रविवार को नीट (यूजी) 2026 परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। 57 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 23,160 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया. कड़ी निगरानी, विशेष बस सेवा और व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा दोपहर 2 से 5 बजे तक चली, जबकि प्रवेश दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 1. 30 बजे बंद कर दिया था.सुबह से ही परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी. बाहर से आए विद्यार्थी अलसुबह ही केन्द्रों पर पहुंच गए.

बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने पालकों के साथ पहुंचे, जिनके लिए केन्द्रों के बाहर छांव और पानी की व्यवस्था की गई. प्रशासन ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड से विशेष बसें संचालित कीं. एआईसीटीसीएल की बसों को चार रूट पर चलाते हुए सांवेर, आईआईटी सिमरोल, आईआईएम और महू तक परीक्षार्थियों को पहुंचाया गया. परीक्षा के बाद वापसी की व्यवस्था भी सुनिश्चित रही. परीक्षा से पहले सभी केन्द्रों पर प्रश्नपत्र समय से पहुंचा दिए गए थे. फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषयों के पेपर हुए. सख्ती के चलते अभ्यर्थियों को जूते मोजे पहनकर आने की अनुमति नहीं थी.

सभी को चप्पल पहनकर ही प्रवेश दिया गया. आधी बांह के कपड़े अनिवार्य रहे और पेन भी परीक्षा एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराए गए. बायोमेट्रिक सत्यापन के तहत आंखों की स्कैनिंग की गई, जबकि केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति रही. सुरक्षा के लिहाज से सभी केन्द्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा. मेडिकल स्टाफ, एम्बुलेंस, बिजली विभाग, जनरेटर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और उडऩदस्ता लगातार सक्रिय रहे. यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए. पांच केन्द्रों पर एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई.

परीक्षार्थियों ने कहा…
परीक्षा के बाद कुछ अभ्यर्थियों ने नव भारत को अपने अनुभव भी साझा किए. प्रियल चौहान ने बताया कि पेपर संतुलित रहा, जिसमें समय प्रबंधन बहुत महत्वपूर्ण था, बायो के प्रश्न कुछ ज्यादा ही बड़े थे, जिससे समय ज्यादा लगा. वहीं वैदेही तोमर ने बताया कि बायोलॉजी अपेक्षाकृत आसान रही, जबकि फिजिक्स में कुछ प्रश्नों ने सोचने पर मजबूर किया. जबकि आकांक्षा राजपूत ने बताया कि परीक्षा का स्तर मध्यम रहा और अच्छी तैयारी करने वालों के लिए पेपर स्कोरिंग था. यह परीक्षा अभ्यर्थियों के मेडिकल करियर की पहली सीढ़ी मानी जाती है. रविवार को जिन हाथों में कलम थी, वही आगे चलकर मरीजों के इलाज के लिए इंजेक्शन थामेंगे.

Next Post

कोलंबिया में मॉन्स्टर ट्रक शो के दौरान भीड़ में घुसी कार, दो की मौत, 37 घायल

Mon May 4 , 2026
बोगोटा, 04 मई (स्पूतनिक/वार्ता) दक्षिणी कोलंबिया में 2026 मॉन्स्टर ट्रक शो के दौरान एक कार भीड़ में घुस गई, जिससे कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 37 अन्य घायल हो गए। नोटिशियास काराकोल ब्रॉडकास्टर की रिपोर्ट के अनुसार यह कार्यक्रम काउका प्रांत के पोपायान शहर में […]

You May Like