केदारनाथ यात्रा में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन

श्री केदारनाथ धाम 03 मई (वार्ता) उत्तराखंड स्थित ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम यात्रा 2026 में अब तक तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में जिला प्रशासन की सुदृढ़ एवं प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं की भारी संख्या के बावजूद यात्रा निरंतर सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है।

बीते 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से लेकर रविवार शाम पांच बजे तक कुल 3,08,085 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। वहीं आज एक ही दिन में 23,784 श्रद्धालुओं का आगमन दर्ज किया गया, जो यात्रा प्रबंधन की दक्षता और व्यवस्थाओं की मजबूती को दर्शाता है।

यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन की टीमें 24 गुणा 7 मुस्तैदी से तैनात हैं। यात्रा मार्ग के प्रत्येक प्रमुख पड़ाव पर पेयजल, चिकित्सा, ठहराव, स्वच्छता एवं यातायात प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों एवं बदलते मौसम को देखते हुए संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से यात्रा की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सके। प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

जिला प्रशासन द्वारा सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें एवं प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह पावन यात्रा सभी के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।

Next Post

दो करोड़ रुपये की रंगदारी मामले में नंदू गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

Sun May 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 मई (वार्ता) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने छावला इलाके में दर्ज रंगदारी के एक बड़े मामले में कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के मुख्य सहयोगी और फरार आरोपी कप्तान उर्फ तन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) […]

You May Like