भोपाल। राजधानी में अवकाश के दिनों में भी संपत्ति रजिस्ट्री का काम प्रभावित नहीं हो रहा है. शनिवार को ईद का त्यौहार होने के बावजूद पंजीयन कार्यालयों में कार्य जारी रहा. हिंदू नववर्ष की शुरुआत और चल रहे नवदुर्गा महोत्सव के शुभ मुहूर्त के कारण संपत्तियों की खरीद-फरोख्त में तेजी बनी हुई है, जिससे रजिस्ट्रियों की संख्या में कमी नहीं आई है.
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम दिनों को देखते हुए 31 मार्च तक सभी पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे. आईएसबीटी, परी बाजार और बैरसिया स्थित कार्यालयों में बिना अवकाश के रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है. हालांकि, ईद और अवकाश के कारण कुछ लोगों में कार्यालय बंद रहने का भ्रम रहा, जिससे शनिवार को अपेक्षाकृत कम लोग पहुंचे. इस दिन कुल 317 रजिस्ट्रियां हुईं और करीब ढाई करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ.
अधिकारियों के अनुसार, रविवार को भी कार्यालय खुले रहेंगे. प्रत्येक सब-रजिस्ट्रार को 65 स्लॉट दिए गए हैं, जिससे 13 सब-रजिस्ट्रार मिलकर प्रतिदिन लगभग 800 रजिस्ट्रियां कर सकेंगे.
