नयी दिल्ली, 24 मार्च (वार्ता) गुजरात के मुंद्रा स्थित टाटा पावर संयंत्र में बिजली उत्पादन फिर शुरू होगा। कंपनी ने राज्य सरकार के गुजरात ऊर्जा विकास निगम (जीयूवीएनएल) के साथ पूरक ऊर्जा खरीद समझौता किया है।
टाटा पावर ने मंगलवार को शेयर बाजारों को बताया कि कंपनी ने जीयूवीएनएल के साथ पूरक ऊर्जा खरीद समझौता किया है और इसी तरह से समझौते महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा की सरकारों के साथ भी किये जायेंगे।
उल्लेखनीय है कि कोयले की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण नुकसान का हवाला देकर कंपनी ने बिजली उत्पादन बंद कर दिया था। नये समझौते में प्रावधान है कि कोयले के दाम बढ़ने की स्थिति में कंपनी बिजली के दाम बढ़ा सकेगी।
इससे पहले 20 मार्च को कंपनी ने बताया था कि गुजरात सरकार के मंत्रिमंडल ने टाटा पावर के मुंद्रा संयंत्र से बिजली खरीदने के लिए पूरक ऊर्जा खरीद समझौते (पीपीए) को मंजूरी प्रदान कर दी थी। अगले चरण में कंपनी ने जीयूवीएनएल के साथ पूरक पीपीए को अंजाम दिया जाना था।
