
इटारसी। शहर के मुख्य थाना क्षेत्र के ठीक सामने बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात बस चालक द्वारा बस को तेज गति और लापरवाही से चलाने के कारण, गेट के पास खड़ा एक व्यक्ति नीचे गिर गया और बस का पिछला पहिया उसके पैर पर चढ़ गया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
तेजी और अचानक ब्रेक से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, फरियादी वीरेन्द्र पिता गौरीशंकर साहू 41 वर्ष, निवासी हथवास थाना पिपरिया, इटारसी थाने के सामने से गुजर रही एक बस में सवार थे। चश्मदीदों और पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात बस का चालक वाहन को अत्यंत तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। थाने के सामने मोड़ पर चालक ने अचानक जोर से ब्रेक मार दिया, जिससे गेट के पास खड़े वीर सिंह अपना संतुलन खो बैठे और सीधे नीचे सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि बस का पिछला पहिया उनके बाएं पैर के ऊपर से निकल गया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक इश्तियाक अली ने बताया कि फरियादी की शिकायत और मौके की स्थिति को देखते हुए अज्ञात बस चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।
