कोतवाली पुलिस का बड़ा धमाका अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ निर्माता-खरीदार समेत 4 गिरफ्तार

छतरपुर: छतरपुर की कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने न केवल अवैध हथियारों की फैक्ट्री को नेस्तनाबूद किया, बल्कि इसे बनाने वाले मास्टरमाइंड और खरीदारों को भी दबोच लिया है। शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अगम जैन ने इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।

पहाड़ी की ओट में चल रहा था मौत का सामान बनाने का खेल
एसपी अगम जैन ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोटी के पास पहाड़ी के इलाके में कुछ लोग अवैध हथियारों का निर्माण कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक होते ही कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह और उप निरीक्षक वीरेंद्र रैकवार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने रात के अंधेरे में घेराबंदी की और टॉर्च की हल्की रोशनी का पीछा करते हुए मौके पर दबिश दी, जहाँ आरोपी रंगे हाथों हथियार बनाते हुए पकड़े गए।

भारी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद
मौके से पुलिस ने मुख्य आरोपी संदीप रैकवार (निवासी दिलानिया) और राम प्रसाद विश्वकर्मा (निवासी मऊसानिया) को गिरफ्तार किया। तलाशी में 315 बोर के तैयार और अधबने देशी कट्टे, कारतूस, लोहे की पाइप, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर और कट्टा बनाने में उपयोग होने वाले अन्य औजार जब्त किए गए हैं।
हथियार खरीदने वाले भी चढ़े पुलिस के हत्थे
मुख्य आरोपियों से सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने अवैध हथियार खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों, सुनील अहिरवार और कल्लू पाल (निवासी मौराहा) को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से खरीदे गए कट्टे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है कि इन्होंने अब तक किन-किन लोगों को हथियार बेचे हैं।
टीम को सराहा: एसपी ने इस साहसिक कार्रवाई के लिए कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह और पूरी टीम की पीठ थपथपाई है। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।

Next Post

बैंक रिकवरी एजेंट की धमकियों से तंग आकर आत्महत्या: पीएम आवास लोन की किस्त न चुका पाने पर दी जान

Sat May 2 , 2026
सलामतपुर: राजीव नगर मोहल्ले में 45 वर्षीय हरदयाल रैकवार द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिसने क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया है। घटना के बाद परिजनों ने बैंक एजेंट पर मानसिक प्रताड़ना और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।परिजनों के अनुसार, हरदयाल […]

You May Like