बैंक रिकवरी एजेंट की धमकियों से तंग आकर आत्महत्या: पीएम आवास लोन की किस्त न चुका पाने पर दी जान

सलामतपुर: राजीव नगर मोहल्ले में 45 वर्षीय हरदयाल रैकवार द्वारा घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है, जिसने क्षेत्र में शोक का माहौल बना दिया है। घटना के बाद परिजनों ने बैंक एजेंट पर मानसिक प्रताड़ना और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।परिजनों के अनुसार, हरदयाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक निजी बैंक की एमपी नगर भोपाल शाखा से करीब 3 लाख रुपये का लोन लिया था, जिसमें से उन्हें 1.38 लाख रुपये मिले थे। आर्थिक तंगी के चलते वे केवल दो किस्तें ही जमा कर पाए थे। आरोप है कि बैंक एजेंट दीपक लगातार फोन कर उन्हें परेशान करता था और घर में ताला लगाने की धमकी देता था। इतना ही नहीं, वह उनके कार्यस्थल पर पहुंचकर सार्वजनिक रूप से अपमानित भी करता था, जिससे हरदयाल मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
घटना के समय मृतक की पत्नी और एक बेटी कुरवाई में शादी समारोह में गई थीं। इसी दौरान घर पर अकेले हरदयाल ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पत्नी ने थाने में शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हरदयाल अपने पीछे चार बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि संबंधित बैंक एजेंट से संपर्क नहीं हो सका।
इनका कहना है।
राजीवनगर में हुए आत्महत्या मामले की मर्ग डायरी अभी तक विदिशा से नही आई है। जो कल परिजनों से सलामतपुर थाने में आवेदन प्राप्त हुआ है उसकी जांच की जाकर विवेचना की जाएगी।
प्रतिभा शर्मा, एसडीओपी रायसेन।प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान पर लगभग 3 लाख रुपये का लोन लिया था, जिसमें से उन्हें 1 लाख 38 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। हमारी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते केवल दो किस्तें जमा कर पाए थे, जबकि तीसरी किस्त नहीं भर पाए थे। बैंक एजेंट दीपक लगातार फोन कर हरदयाल रैकवार को मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। जिसकी वजह से उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रीति रैकवार, मृतक की पत्नी

Next Post

स्वास्थ्य सुविधाओं ने फिर तोड़ा दम

Sat May 2 , 2026
छतरपुर: क्षेत्र की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के कारण एक बार फिर मरीजों की जान दांव पर लग गई। शुक्रवार शाम बम्होरी-सागर रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे के बाद घायल तीन युवकों को न तो अस्पताल में समुचित इलाज मिला और न ही समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध हो सकी। […]

You May Like