
रीवा।दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए कार ब्लास्ट के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है।
इसी क्रम में रीवा जिला प्रशासन और पुलिस भी अलर्ट पर आ गई है।जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और आम जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है।
*शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई*
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधिकारियों, कोतवाली और यातायात टीमों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शिल्पी प्लाजा, चिरहुला मंदिर, मुख्य बाजार क्षेत्र और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
*डॉग स्क्वॉयड और बम डिटेक्शन टीम की मदद से तलाशी*
पूरे अभियान में डॉग स्क्वॉयड और बम डिटेक्शन टीम की भी मदद ली गई। रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग, बस डिपो और सार्वजनिक स्थलों पर रखे लावारिस सामान की बारीकी से जांच की गई। वाहनों की चेकिंग के दौरान कई जगहों पर पहचान पत्र और दस्तावेजों की भी जांच की गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या वाहन की जानकारी तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने को दें। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संवाद करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।
*क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक*
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि हम हर परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार हैं किसी भी असामाजिक तत्व को शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।उन्होंने कहा कि यह कदम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास को बनाए रखने के लिए उठाये गए है
