कर्नाटक में नेतृत्व में बदलाव पर फैसले की तारीख अभी तय नहीं : खरगे

कलबुर्गी, 01 मई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों को विराम देने की कोशिश करते हुए दोहराया कि इस मुद्दे पर किसी भी निर्णय के लिए अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है।

कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व में बदलाव को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच श्री खरगे ने कहा कि पार्टी आलाकमान वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तृत परामर्श के बाद ही कोई निर्णय लेगी।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है इसलिए किसी भी बदलाव के बारे में अटकलें लगाना जल्दबाजी होगी।”

श्री खरगे ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं राजनीतिक निर्णय लेने से पहले सामूहिक परामर्श प्रक्रिया का पालन करता है। उन्होंने इस मुद्दे पर अनावश्यक अटकलों से बचने का आग्रह किया।

श्री खरगे का यह बयान कांग्रेस के कुछ नेताओं एवं समर्थकों द्वारा कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को सरकार के शेष कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री बनाए जाने की बार-बार की जा रही मांगों के मद्देनजर आया है जिसमें 2023 के विधानसभा चुनावों के बाद हुए कथित सत्ता-साझाकरण समझौते का हवाला दिया गया है।

हालांकि, मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने लगातार कहा है कि वह अपना पूरा पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे जबकि दोनों खेमों ने सार्वजनिक रूप से सत्तारूढ़ पार्टी में मतभेदों को कम करने की कोशिश की है।

पिछले साल नवंबर में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का आधा समय पूरा होने के बाद नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बहस तेज हो गई है जिससे संभावित परिवर्तन फॉर्मूले को लेकर राजनीतिक चर्चा फिर से शुरू हो गई है।

श्री खरगे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाने वाला कोई भी अंतिम निर्णय कर्नाटक के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा।

 

 

Next Post

सुरक्षा कवच बन बेटे को सीने से लिपटाए रही मां

Fri May 1 , 2026
जबलपुर: बरगी क्रूज हादसे की मार्मिक तस्वीर, सामने आई जिसमें एक मां अपनी अंतिम सांस तक अपने मासूम बेटे को सीने से लिपटाए रही। हृदयविदारक तस्वीर ने झकझोर कर रख दिया है। यह तस्वीर एक मां के उस निस्वार्थ और अटूट प्रेम की गवाह है, जो मौत के खौफनाक मंजर […]

You May Like