जबलपुर: बरगी क्रूज हादसे की मार्मिक तस्वीर, सामने आई जिसमें एक मां अपनी अंतिम सांस तक अपने मासूम बेटे को सीने से लिपटाए रही। हृदयविदारक तस्वीर ने झकझोर कर रख दिया है। यह तस्वीर एक मां के उस निस्वार्थ और अटूट प्रेम की गवाह है, जो मौत के खौफनाक मंजर में भी अपने बच्चे के लिए सुरक्षा कवच बनी रही। रेस्क्यू टीम ने जब पानी की गहराई से मां और उसके मासूम बेटे का शव बाहर निकाला, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
हादसे के बाद जब राहत और बचाव कार्य जारी था, तब गोताखोरों को पानी के बीच एक महिला का शव मिला। महिला ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, लेकिन उसकी बाहों ने अपने मासूम बेटे को किसी वज्र की तरह जकड़ रखा था। ऐसा प्रतीत होता है कि डूबते वक्त मां ने खुद को बचाने से ज्यादा प्राथमिकता अपने बच्चे को सुरक्षित रखने को दी। उसने मासूम को अपने सीने से इस तरह चिपकाया हुआ था कि मौत की लहरें भी उस पकड़ को ढीली नहीं कर पाईं।
कोशिशें तमाम, पर नियति को कुछ और ही मंजूर था
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब नाव पलटी और चीख-पुकार मची, उस अफरा-तफरी के बीच भी इस मां का पूरा ध्यान अपने कलेजे के टुकड़े पर था। उसने उसे अपनी आगोश में लिया और लहरों से जूझती रही। आखिरकार, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। पानी के सैलाब ने दोनों की जान ले ली, मगर मां की ममता को वह डिगा नहीं सका। जब दोनों की लाशें मिलीं, तो वे एक-दूसरे से पूरी तरह लिपटी हुई थीं। एक ऐसी अंतिम झप्पी जो अब इस हादसे की सबसे गमगीन दास्तां बन गई है।
