
दमोह। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे सायबर सुरक्षा अभियान सेफ क्लिक 2.0 के तहत दमोह में जन सायबर जागरूकता अभियान चलाया गया.पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन, अति. पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस)व नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष कुमार ने जेपीबी हाई स्कूल दमोह में सायबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया.कार्यक्रम में छात्राओं को सायबर सुरक्षा और सायबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। सायबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया पर सावधानियों और हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में बताया गया।इसी क्रम में सायबर अपराध विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। छात्राओं ने सायबर अपराधों से बचाव और सतर्कता पर अपने विचार लेख के माध्यम से प्रस्तुत किए। स्कूल प्रबंधन द्वारा निबंधों का मूल्यांकन कर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम में प्रधान अध्यापक डी.के. मिश्रा व शिक्षक शरद मिश्रा ने भी छात्राओं को सायबर अपराधों से बचने के उपाय बताए और सतर्क रहने की अपील की।
