नयी दिल्ली 30 अप्रैल (वार्ता) अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने समावेशी विकास, शिक्षा, कौशल विकास, अवसंरचना और कल्याणकारी पहलों के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों को सशक्त बनाने के लिए केंद्र और राज्य के बीच समन्वय के महत्व पर जोर दिया। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने आज बताया कि मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स श्रीकृष्णा ने कर्नाटक सरकार के साथ मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं, पीएमजेवीके, पीएम विकास, छात्रवृत्तियां, उम्मीद और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण तथा अवसंरचना विकास के उद्देश्य से शुरू की गई अन्य पहलों के कार्यान्वयन और प्रगति पर समीक्षा बैठक की। इस दौरान परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर पारदर्शी तरीके से योजनाओं के शीघ्र लाभ और पहुंच को सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की।
डॉ. श्रीवत्स श्रीकृष्णा ने सभी संबंधित अधिकारियों को चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया और राज्य सरकार को मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के तहत नई परियोजनाओं के लिए नवोन्मेषी और प्रभावशाली प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने समावेशी विकास, शिक्षा, कौशल विकास, अवसंरचना और कल्याणकारी पहलों के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों को सशक्त बनाने के लिए केंद्र और राज्य के बीच समन्वय के महत्व पर जोर दिया। अल्पसंख्यक मंत्रालय के संयुक्त सचिव राम सिंह और श्री श्यामा प्रसाद रॉय, निदेशक नेहा गिरी और अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय तथा कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित थे।

